Hot News

Author name: shinedelhiz@gmail.com

Cultural Journeys

लव-कुश रामलीला में भव्य लंका दहन, उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भी देखा अलौकिक दृश्य

सोने की विशाल लंका धू धू करते जली  देश विदेश में विख्यात लव कुश रामलीला लाल किला ग्राउंड के अध्यक्ष श्री अर्जुन कुमार ने बताया विशाल क्रेनों की मदद से 250 फीट की ऊंचाई पर आकाश मार्ग से जब श्री राम और लक्ष्मण को अपने कंधों पर उठाए हनुमान जी आए उस वक्त लीला ग्राउंड में मौजूद हजारों राम भक्त अपने मोबाइल कैमरों में इस दृश्य को कैद कर रहे थे तो सारा ग्राउंड मोबाइल की चमकती बैटरी से चमक उठा । हनुमान जी ने जब सोने की लंका को आग लगाई तो जय श्री राम के गग़न भेदी उद्घोष के बीच लंका जलकर राख हो गई। अर्जुन कुमार ने आगे बताया दिल्ली के उपराज्यपाल श्री तरनजीत सिंह संधू, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता तथा असम सरकार के स्वास्थ्य मंत्री श्री अशोक सिंघल ने लीला स्थल पर पहुंचकर प्रभु श्रीराम की लीला का अवलोकन किया और राम जी से आशीर्वाद लिया। लीला मंच पर प्रभु श्रीराम की शबरी से भेंट, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, सीता की खोज लंकनी से भेंट, रावण-सीता संवाद, अक्षय कुमार वध, रावण-हनुमान संवाद और लंका दहन तक के प्रसंगों का भव्य एवं प्रभावशाली मंचन किया गया। महासचिव सुभाष गोयल ने बताया लीला स्थल पर पधारे उपराज्यपाल श्री तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल तथा अन्य गणमान्य अतिथियों को कमेटी की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सर्वश्री पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल, अंकुर गोयल, गौरव सूरी, प्रवीण गोयल, संदीप भूटानी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Cultural Journeys

200 फीट की ऊंचाई पर जटायु रावण युद्ध देख अचंभित हुए दर्शक

विख्यात लव कुश रामलीला कमेटी लाल किला ग्राउंड के प्रेसिडेंट अर्जुन कुमार ने बताया करीब 200 फीट से ज्यादा की ऊंचाई पर आकाश में जब जटायु और रावण युद्ध का भीषण दृश्य जबरदस्त 8 ट्रेक साउंड सिस्टम के साथ प्रस्तुत किया उस वक्त लीला स्थल पर मौजूद हजारों राम भक्त अपने मोबाइल कैमरों से इस जबरदस्त एक्शन दृश्य को कैद करने में लगे थे, उस वक्त ग्राउंड में इन मोबाइल कैमरों की रोशनी चमकती नजर आई। अर्जुन कुमार ने आगे बताया अगस्त्य मुनि से भेंट, पंचवटी में जयंत प्रसंग, सूर्पनखा प्रसंग, खर-दूषण वध, सीता हरण और जटायु मोक्ष तक की लीलाओं का भव्य मंचन किया गया।लीला के इन सभी एक्शन स्टंट दृश्यों को मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के अनुभवी एक्शन निर्देशक की निगरानी में प्रस्तुत किया गया। कमेटी के महामंत्री सुभाष गोयल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाईक रामलीला पहुंचे और लीला का अवलोकन किया। इस अवसर पर सभी उपस्थित गणमान्य अतिथियों को कमेटी की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सर्वश्री पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल, अंकुर गोयल गौरव सूरी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Bollywood Beats

रणबीर कपूर के राम और यश के रावण अवतार के नए सोलो पोस्टर्स संग ‘रामायणम्’ का इंटरनेशनल ट्रेलर हुआ रिलीज

इंटरनेशनल ट्रेलर को इंग्लिश, हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज किया गया है। ट्रेलर में महागाथा के लीड किरदारों की एक्शन से भरपूर झलक देखने को मिलती है। वहीं, ट्रेलर के साथ जारी किए गए नए सोलो पोस्टर्स में रणबीर कपूर भगवान राम और रॉकिंग स्टार यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं। नामित मल्होत्रा की रामायणम् के मार्क्स ने फिल्म के इंटरनेशनल ट्रेलर के साथ रणबीर कपूर के भगवान राम और रॉकिंग स्टार यश के रावण के भव्य अवतार के दो सालो पोस्टर्स भी रिलीज कर दिए हैं। इस तरह से सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने इस महाकाव्य को ग्लोबल कैंपेन के तौर पर आगे बढ़ने का काम किया है। इस कदम ने मेकर्स द्वारा दुनिया भर के दर्शकों तक फिल्म को बड़े पैमाने के साथ पहुंचने की कमिटमेंट को पेश किया है। https://www.instagram.com/p/DehPdvKtSia/?dlrf=MXR4bjU1NHg5MDM0Mw== https://www.instagram.com/reel/DehH2UmvEk_/?srtk=MnNrZW4ydHBlMDN3 https://www.instagram.com/p/DehQQnONugB/?dlrf=Nmg3ZnJxem01NXM1 इंग्लिश, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में भी उपलब्ध फिल्म के इंटरनेशनल ट्रेलर में भगवान राम और रावण की दो अलग दुनिया की झलक देखने मिलती है। नितेश तिवारी के डायरेक्टर में बनी इस फिल्म के ट्रेलर में एक्शन के साथ शानदार सिनेमैटिक यूनिवर्स को भी खूबसूरती से पेश किया गया है। रावण के रूप में रॉकिंग स्टार यश का सोलो पोस्टर, एक महल को दिखाता है, जहां एक्टर अपने किरदार में मरे हुए योद्धाओं के बीच, भाला पकड़े नजर आ रहे हैं। पोस्टर में साफ तौर से एक भयानक युद्ध के बाद की झलक देखने मिल रही है, जिसमें यश की लंका के राजा के रूप में मौजूदगी माहौल को गंभीर बना रही है। दूसरी तरफ रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में दूसरे सोलो पोस्टर में देखा जा सकता है जिसमें उन्होंने अपने तीर धनुष को उठाया है जबकि उनके बैकग्राउंड में जंगल से चीरती आ रही सूरज की रोशनी नजर आ रही है। पोस्टर में राम द्वारा युद्ध के लिए की गई तैयारी को क्लोज-अप कंपोजिशन से साफ महसूस किया जा सकता है। फिल्म के मेकर्स ने एक के बाद एक पोस्टर्स को रिलीज करने का सिलसिला जारी रखा है, जिसके जरिए वह दर्शकों को फिल्में मौजूद अहम किरदारों से रूबरू कराने के अलावा फिल्म की दुनिया की झलक भी दे रहे हैं। कल की ही बात है जब नमित मल्होत्रा, यश और नितेश तिवारी ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म के इंटरनेशनल ट्रेलर रिलीज की घोषणा करते हुए फिल्म के कैंपेन को एक अलग लेवल पर ले जाने की जानकारी दी थी। इस ग्लोबल पुश के पीछे का अहम हिस्सा सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ हाथ मिलाना है, जो की फिल्म को भारत से बाहर इंटरनेशनल लेवल पर डिस्ट्रिब्यूट करने वाला है। सोनी पिक्चर्स के ग्लोबल डिसटीब्यूशन नेटवर्क के समर्थन से फिल्म रामायणम् इंटरनेशनल मार्केट में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार है। यह इंटरनेशनल कैंपेन भारत की सबसे जानी मानी महागाथाओं में से एक को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। बेंगलुरु में इंटरनेशनल ट्रेलर को प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स द्वारा होस्ट एक बड़े इवेंट में लॉन्च किया गया। इस खास इवेंट में फिल्म की पूरी टीम मौजूद थी, जिसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रॉकिंग स्टार यश, रवि दुबे, म्यूजिक कंपोजर ए.आर. रहमान और डायरेक्टर नितेश तिवारी समेत कई लोग शामिल हुए। यह इवेंट फिल्म के ग्लोबल कैंपेन का एक अहम कदम है। इसके बाद ट्रेलर को दुनिया भर के दर्शकों के लिए छह भाषाओं में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया। दुनिया द्वारा सबसे ज्यादा पूजे जाने वाले महाकाव्यों में से एक ‘रामायणम्’ को बड़े पर्दे पर लाया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, रॉकिंग स्टार यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी ‘रामायणम्’ को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने 8 बार ऑस्कर जीत चुके DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है। यह फिल्म दो पार्ट में रिलीज होगी। फिल्म का पार्ट 1, 5 नवंबर 2026 और पार्ट 2 दिवाली 2027 में दुनियाभर में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म को सोनी पिक्चर्स दुनिया भर में भारत छोड़कर रिलीज करेगी, जबकि हिंदी भाषी मार्केट में धर्मा प्रोडक्शंस इसके डिस्ट्रीब्यूटर हैं। फिल्म दुनियाभर में IMAX में रिलीज होगी।

Cultural Journeys

मनोज तिवारी ने निभाई केवट की भूमिका, प्रभु श्रीराम को गंगा पार कराने का प्रसंग रहा विशेष

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित केंद्रीय मंत्री एवं सांसदों ने किया रामलीला का अवलोकन लाल किला मैदान में आयोजित देश-विदेश में विख्यात लव कुश रामलीला के अध्यक्ष श्री अर्जुन कुमार ने बताया आज प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा पार कराने वाले भावपूर्ण केवट प्रसंग का विशेष आकर्षण देखने को मिला। इस प्रसंग में प्रसिद्ध गायक, अभिनेता एवं सांसद श्री मनोज तिवारी ने केवट की भूमिका निभाई। अपनी मधुर आवाज और गीतों के माध्यम से उन्होंने रामलीला के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्री अर्जुन कुमार ने बताया कि लीला के दौरान केवट प्रसंग के साथ सुमंत की वापसी, राजा दशरथ के देहावसान, भरत-कैकेयी संवाद तथा चित्रकूट में भरत मिलाप जैसे भावनात्मक प्रसंगों का मंचन किया गया। इन प्रसंगों में प्रभु श्रीराम के प्रति प्रेम, त्याग, कर्तव्य और पारिवारिक मर्यादाओं का मार्मिक चित्रण देखने को मिला। लव कुश रामलीला में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल, सांसद श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद एवं प्रसिद्ध कलाकार श्री मनोज तिवारी तथा सांसद श्री योगेंद्र चंदोलिया ने भी रामलीला का अवलोकन किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने कहा कि रामलीलाएं भारतीय संस्कृति और परंपरा की सशक्त प्रतीक हैं। प्रभु श्रीराम का जीवन हमें आदर्श, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। हम सभी को उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए | कमेटी के महामंत्री श्री सुभाष गोयल ने बताया कि इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन सहित उपस्थित गणमान्य अतिथियों एवं सांसदों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सर्वश्री पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Cultural Journeys

शिव धनुष भंग होते ही ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा लालकिला मैदान, फूलों की वर्षा के बीच संपन्न हुआ सीता स्वयंवर

नई दिल्ली : देश-विदेश में विख्यात लव कुश रामलीला कमेटी, लालकिला मैदान में रामलीला मंचन के तीसरे दिन कमेटी के अध्यक्ष श्री अर्जुन कुमार ने बताया कि सीता स्वयंवर के दौरान विभिन्न देशों से आए शक्तिशाली राजाओं ने अपने-अपने अंदाज में भगवान शिव के विशाल धनुष को उठाने और धनुष भंग करने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी सफल नहीं हो सका। राजाओं की असफलता से निराश राजा जनक ने व्यथित होकर कहा कि क्या पृथ्वी वीरों से खाली है? उनके इन शब्दों को सुन, इसी बीच गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर भगवान श्रीराम आगे बढ़े, उन्होंने सहजता से शिव धनुष उठाया और उस पर प्रत्यंचा चढ़ाते ही धनुष भंग हो गया। धनुष टूटने की गूंज के साथ ही पूरा रामलीला परिसर ‘सियावर रामचंद्र की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा। दर्शकों की तालियों और जयकारों ने माहौल को पूरी तरह राममय बना दिया। इसके बाद माता सीता ने भगवान श्रीराम के गले में वरमाला डालकर उनका वरण किया। ढोल नगाड़ों की गूंज के साथ मिठाई बाटी, रंग-बिरंगी रोशनी, ताजे फूलों से सजा मंच और प्रभावशाली ध्वनि व्यवस्था के बीच प्रस्तुत इन दृश्यों को देखने के लिए रामभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी| परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने बढ़ाया रोमांच शिव धनुष टूटने की आवाज सुनकर भगवान परशुराम जनक दरबार में पहुंच गए। धनुष भंग होने से क्रोधित परशुराम और लक्ष्मण के बीच तीखे संवादों का ऐसा दृश्य प्रस्तुत हुआ कि दर्शक मंत्रमुग्ध होकर मंचन देखते रहे। लक्ष्मण के निर्भीक और व्यंग्यपूर्ण जवाबों के बीच परशुराम का क्रोध लगातार बढ़ता गया। इस तनावपूर्ण प्रसंग में भगवान श्रीराम ने अपनी विनम्रता, संयम और मधुर वाणी से परशुराम को शांत करने का प्रयास किया। इस पूरे दृश्य ने दर्शकों को रामायण के संवादों की गहराई और मर्यादा का अनुभव कराया | कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि आज केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने रामलीला में पहुंचकर मंचन का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि लव कुश रामलीला कमेटी का प्रयास है कि आधुनिक तकनीक और भव्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नई पीढ़ी तक भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और रामायण की शिक्षाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

Cultural Journeys

राम जन्म पर बंटी मिठाइयां, ढोल-नगाड़ों के साथ गूंजा उत्सव; हर्षोल्लास के बीच संपन्न हुई लीला

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम लव कुश रामलीला में निभाएंगे निषाद राज की भूमिका | नई दिल्ली। लव कुश रामलीला कमेटी, लाल किला मैदान में सोमवार को प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव को बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। राम जन्म के अवसर पर मिठाइयां बांटी गईं और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने खुशियां मनाईं। पूरे रामलीला परिसर में उत्सव और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। कमेटी के अध्यक्ष श्री अर्जुन कुमार ने बताया कि आज की लीला में पुत्रेष्टि यज्ञ, प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव, नामकरण संस्कार, विश्वामित्र के यज्ञ में राक्षसों द्वारा विघ्न, ताड़का वध और सुबाहु वध के प्रसंगों का मंचन किया गया। अंत में प्रभु श्रीराम की आरती के साथ लीला संपन्न हुई। श्री अर्जुन कुमार ने बताया कि केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री, भारत सरकार, श्री जुएल ओराम के निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने 14 अक्टूबर 2026 को लव कुश रामलीला के मंच पर निषाद राज की भूमिका निभाने की घोषणा की। यह रामलीला कमेटी के लिए गौरव का विषय है। इससे पूर्व लव कुश रामलीला के मंच पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री विजय सांपला, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी चौबे तथा एनडीएमसी के वाइस चेयरमैन श्री कुलजीत सिंह चहल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति विभिन्न किरदारों में अभिनय कर चुके हैं। श्री जुएल ओराम ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन वनवासी समाज, आदिवासी समुदाय और समस्त मानवता के प्रति समान सम्मान, सेवा और समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारत में रामलीलाएं हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की पहचान हैं। निषाद राज की भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करने के लिए उन्होंने लव कुश रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ओडिशा के एक दूरस्थ क्षेत्र से आने वाले उनके लिए रामलीला के मंच पर इस महत्वपूर्ण किरदार को निभाना सौभाग्य की बात है। कमेटी के महासचिव श्री सुभाष गोयल ने बताया कि लव कुश रामलीला कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन से मुलाकात कर उन्हें रामलीला के अवलोकन के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर श्री नितिन नबीन ने कहा कि रामलीलाएं देशभर में सौहार्द, शांति और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित होंगी, प्रतिनिधिमंडल ने श्री अर्जुन कुमार, श्री सुभाष गोयल, श्री सत्यभूषण जैन, श्री अखिल सिंघल और श्री बृजमोहन गोयल की उपस्थिति में श्री नितिन नबीन का स्मृति चिह्न भेंट कर तथा रामनामी पटका पहनाकर स्वागत किया। 13 अक्टूबर 2026 को फिल्म अभिनेता श्री राजकुमार राव लव कुश रामलीला का अवलोकन करेंगे तथा प्रभु श्रीराम की पूजा-अर्चना करेंगे। कल की लीला में जनक दूत आगमन, अहिल्या उद्धार, अष्ट सखी संवाद, गिरिजा पूजन, सीता स्वयंवर, रावण-बाणासुर संवाद और लक्ष्मण-परशुराम संवाद जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।

Cultural Journeys

एक्टर अनिल कपूर और स्पोर्ट्स स्टार रोहित शर्मा ने अभिनय देव की आने वाली फ़िल्म ‘दूसरा’ के ट्रेलर की तारीफ़ की है; यह फ़िल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी

फ़िल्ममेकर अभिनय देव की आने वाली फ़िल्म ‘दूसरा’ 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है। मेकर्स ने डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर फ़िल्म का पोस्टर और ट्रेलर जारी करने के साथ ही इसकी रिलीज़ डेट का भी ऐलान किया। यह फ़िल्म इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 2002 में भारत की मशहूर नेटवेस्ट फ़ाइनल जीत पर आधारित है। ‘दूसरा’ फ़िल्म सौरव गांगुली के लॉर्ड्स की बालकनी से अपनी शर्ट लहराने वाले उस मशहूर और बेबाक अंदाज़ को एक नए और अनपेक्षित नज़रिए से दिखाती है। यह फ़िल्म उस बेहद चर्चित पल को एक युवा लड़की की बेहद निजी कहानी के साथ जोड़ती है। तारा, जो एक रूढ़िवादी परिवार में खुद को अलग-थलग महसूस करती है, उसे अपने और दुनिया के तौर-तरीक़ों को लेकर कई सवालों का सामना करना पड़ता है। टेलीविज़न पर भारतीय कप्तान के उस बेबाक और विद्रोही अंदाज़ को देखकर, तारा को अपनी दुनिया में सच बोलने की हिम्मत मिलती है, चाहे नतीजे कुछ भी हों। अनिल कपूर ने कहा, “मुझे ट्रेलर बहुत पसंद आया और जिस तरह से अभिनय ने असलियत और फ़िक्शन – इन दो अलग-अलग दुनियाओं को इतनी खूबसूरती से मिलाया है, वह कमाल का है। मुझे आज भी नेटवेस्ट सीरीज़ की उस शानदार जीत का जोश याद है, वह वाकई बेमिसाल थी। उस जीत ने पूरी पीढ़ी को यह भरोसा दिलाया कि भारत कहीं भी और किसी के भी ख़िलाफ़ जीत सकता है। मैं इस फ़िल्म को देखने के लिए बहुत उत्साहित हूँ।” रोहित शर्मा कहते हैं: “जब भारत ने 2002 का नेटवेस्ट फ़ाइनल जीता था, तब मैं 15 साल का था… क्या शानदार पल था! सिर्फ़ वापसी ही नहीं, बल्कि टीम का आत्मविश्वास भी! फ़िल्म ‘दूसरा’ बहुत खूबसूरती से दिखाती है कि वह पल सिर्फ़ एक मैच जीतने से कहीं ज़्यादा क्यों था। अभी ट्रेलर देखा और फ़िल्म देखने का बेसब्री से इंतज़ार है!!” डायरेक्टर अभिनय देव ने कहा, ” ‘दूसरा’ असल में एक ऐसी कहानी है जो हिम्मत और उम्मीद जगाती है। यह एक ऐसे देश की कहानी है जो अपनी आवाज़ ढूंढ रहा है और एक ऐसी लड़की की कहानी है जो अपनी पहचान बना रही है। असल में, यह भारत की आज़ादी की एक नई कहानी है—यह 1947 की राजनीतिक आज़ादी नहीं, बल्कि भावनात्मक आज़ादी की बात है। उस दिन सौरव ने सिर्फ़ अपनी क्रिकेट टी-शर्ट ही नहीं उतारी थी, बल्कि उसने उस औपनिवेशिक बोझ को भी उतार फेंका था जिसे भारत ने आज़ादी के इतने सालों तक ढोया था। उस दिन, भारत के एक छोटे से शहर की एक लड़की ने यह साबित कर दिया कि हम सबके अंदर एक आज़ाद और संतोषजनक ज़िंदगी जीने की चाहत छिपी होती है।” प्रोड्यूसर माशा साज़देह ने कहा, “हम ‘दूसरा’ को बड़े पर्दे पर लाने के लिए बहुत उत्साहित हैं। यह कहानी हम सबकी और हर एक व्यक्ति की है। हमें उम्मीद है कि दर्शक न सिर्फ़ मनोरंजन करेंगे, बल्कि वे भावुक भी होंगे और पुरानी चली आ रही परंपराओं पर सवाल उठाने के लिए प्रेरित होंगे।” ‘दूसरा’ को माशा साज़देह और रोहन साज़देह ने प्रोड्यूस किया है, और नीता शाह इसकी को-प्रोड्यूसर हैं। इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले एग्नेलो ओस्विन डायस ने लिखा है, और फ़िल्म का म्यूज़िक राम संपत ने तैयार किया है। फ़िल्म की कास्ट में प्लाबिता बोरठाकुर, अंकुर विकल, समिधा गुरु, त्विशा सीमा और कृष्णा गोकानी शामिल हैं।

Cultural Journeys

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया गणेश पूजन, रसराज जी महाराज के भजनों से राममय हुआ वातावरण|

दिल्ली, 11 अक्टूबर 2026 : लव कुश रामलीला कमेटी, लाल किला मैदान, दिल्ली में रविवार को रामलीला के भव्य शुभारंभ के अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने काशी, मथुरा और दिल्ली से पधारे विद्वान पंडितों द्वारा पूर्ण विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणेश पूजन किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।   कमेटी के अध्यक्ष श्री अर्जुन कुमार ने बताया कि गणेश पूजन के पश्चात रामलीला के प्रथम दिन भगवान शिव-पार्वती प्रसंग, नारद मोह, विश्वमोहिनी स्वयंवर, रावण-कुंभकर्ण की तपस्या तथा रावण-वेदवती संवाद जैसे प्रमुख प्रसंगों का भव्य एवं आकर्षक मंचन किया गया।चार सौ से ज्यादा फिल्मों में अपनी अभिनय कला का लोहा मनवा चुके विख्यात फिल्म अभिनेता पेंटल ने नारद की भूमिका में रामभक्तों की खूब वाहवाही बटोरी। इन प्रसंगों ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति, भक्ति और धर्म की गौरवशाली परंपरा से जोड़ने का संदेश दिया। रामलीला मंचन के पश्चात सुप्रसिद्ध भजन गायक एवं हनुमंत कृपा पात्र रसराज जी महाराज की भजन संध्या का आयोजन किया गया। महाराज जी ने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण आवाज में प्रभु श्रीराम के भजनों की ऐसी मनमोहक प्रस्तुति दी कि पूरा रामलीला परिसर भक्तिरस में सराबोर हो उठा और वातावरण पूरी तरह राममय हो गया। उपस्थित रामभक्त भजनों की मधुर धुनों पर भावविभोर नजर आए।   श्री अर्जुन कुमार ने इस भव्य धार्मिक आयोजन में सपरिवार सम्मिलित होने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं रामभक्तों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें रामलीला के आगामी कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि रामलीला के दूसरे दिन, सोमवार 12 अक्टूबर 2026 को पुत्रेष्टि यज्ञ, प्रभु श्रीराम का जन्म, नामकरण संस्कार, महर्षि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा, ताड़का वध एवं सुबाहु वध सहित अनेक महत्वपूर्ण प्रसंगों का भव्य मंचन किया जाएगा।

Cultural Journeys

दिल्ली के दिल में सजा देश की लोककला एवं बुनकरों का संसार

• कनॉट प्लेस में ‘दशहरा महोत्सव 2026’ का भव्य आगाज़ • स्टेट एम्पोरिया कॉम्प्लेक्स में 19 अक्टूबर तक चलेगा 12 दिवसीय मेला • कश्मीरी पश्मीना से लेकर बनारसी साड़ियों के स्टॉलों पर उमड़ रही भारी भीड़ • मिथिला पेंटिंग, नक्काशीदार काष्ठ-शिल्प के सजावटी सामान बने मुख्य आकर्षण नई दिल्ली : त्योहारी मौसम के आगाज़ के साथ ही राजधानी दिल्ली की धड़कन कहे जाने वाले बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित ‘स्टेट एम्पोरिया कॉम्प्लेक्स’ में भारतीय संस्कृति, कला और हथकरघा के अनूठे संगम का रंग बिखर गया है। आना हैंडलूम्स के तत्वावधान में आयोजित 12 दिवसीय भव्य ‘हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट मेला – दशहरा महोत्सव 2026’ का आगाज़ हो चुका है, जो 8 से 19 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा। मेले के परिसर में कदम रखते ही देशभर के पारंपरिक हुनर की जीवंत छटा और कारीगरों की कारीगरी देखते ही बनती है। दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों और पारंपरिक बुनकर परिवारों के उत्पादों से सजे इस प्रांगण में उत्सव जैसी चहल-पहल और उत्साह का माहौल नजर आ रहा है। मेले का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में बदरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के साथ स्थानीय गणमान्य नागरिक, कला प्रेमी और बड़ी संख्या में शिल्पकार उपस्थित रहे। उद्घाटन के पश्चात मुख्य अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन किया और कारीगरों से रूबरू हुए। इस बार मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिल्पकारों एवं बुनकरों के 80 से अधिक आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। कश्मीर की वादियों से आया नायाब पश्मीना शॉल, दक्षिण भारत की समृद्ध परंपरा को दर्शाती कांजीपुरम साड़ियां, बंगाल का सुप्रसिद्ध तांत व बालूचरी सिल्क और बनारस के अनुभवी बुनकरों की महीन जरीदार बनारसी साड़ियों के स्टॉल महिलाओं के विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वस्त्रों के अतिरिक्त बिहार की विश्वप्रसिद्ध मिथिला (मधुबनी) पेंटिंग्स, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुशल कारीगरों द्वारा गढ़े गए नक्काशीदार लकड़ी व पत्थरों के मनमोहक सजावटी सामान, धातु शिल्प, जूट उत्पाद तथा मिट्टी, चीनी मिट्टी व शीशे के कलात्मक पात्र (क्राकरी) भी लोगों को खूब लुभा रहे हैं। इसके साथ ही प्राकृतिक तत्वों से तैयार पारंपरिक घरेलू आचार, पापड़, बांस और घास से बुनी गई कलात्मक डलियां व गृह-उपयोगी वस्तुएं भी हाथों-हाथ बिक रही हैं। इसके अलावा सूखे मेवे के स्टॉलों पर भी उच्च गुणवत्ता वाले ड्राई फ्रूट्स की वेराइटी उपलब्ध है। नवरात्रि को लेकर इन सूखे मेवे के स्टॉलों पर लोगों की खासी रुचि देखी जा रही है। मेले के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए आयोजक संस्था आना हैंडलूम्स के अध्यक्ष मो. बी इस्लाम ने कहा, “हमारा मूल ध्येय देश के अंतिम छोर पर बैठे उन हुनरमंद दस्तकारों और बुनकरों को सीधे शहरी उपभोक्ताओं से जोड़ना है, जिनकी कला सदियों पुरानी है। बिचौलियों के बिना मिलने वाले इस मंच से न केवल खरीदारों को प्रामाणिक उत्पाद उचित मूल्य पर मिलते हैं, बल्कि कारीगरों की मेहनत का पूरा मेहनताना भी सीधा उनके हाथों में पहुंचता है।” वहीं संस्था के उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने बताया, “दशहरा और दीपावली के त्योहारी मौसम में लोग अपने घरों को सजाने और अपनों को विशेष उपहार देने के लिए हाथ से बनी पारंपरिक वस्तुओं को पहली प्राथमिकता देते हैं। दिल्लीवासियों का उत्साह पहले ही दिन से देखने लायक है और हमें पूरा विश्वास है कि आगामी दिनों में बिक्री नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।” संस्था के सचिव राम सिंह ने मेले की व्यवस्थाओं और कारीगरों के कल्याण पर जोर देते हुए कहा, “हमारी प्राथमिकता देश के कोने-कोने से आए इन दस्तकारों और बुनकरों को एक बेहतर और सुविधाजनक मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी कला का सही मूल्य पा सकें। मेले में आम जनता का प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क है और यह 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से लेकर रात 8:00 बजे तक खुला रहेगा। इससे परिवार सहित आने वाले लोग खरीदारी के साथ-साथ हमारी समृद्ध लोक-संस्कृति का भी आनंद ले सकें।” विभिन्न राज्यों के कारीगर भी सीधे ग्राहकों से संवाद कर अपनी कला की बारीकियां साझा कर रहे हैं। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये लोगों के भरपूर मनोरंजन की व्यवस्था की गई है, जहाँ भारत के अलग-अलग राज्यों की लोकसंस्कृतियों को सुंदर प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया जा रहा है। मेले में न केवल कला की खरीदारी हो रही है, बल्कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान का यह अनूठा संगम ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।

Cultural Journeys

रावण के 11 किलो के चमचमाते मुकुट और रौबदार आवाज के बीच लव कुश रामलीला की फुल ड्रेस रिहर्सल

लालकिला मैदान में 11 अक्तूबर से होगा भव्य रामलीला मंचन श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान और रावण के किरदार निभाने वाले कलाकारों ने दिखाया अपने अभिनय का दम । नई दिल्ली : लालकिला मैदान में आयोजित होने वाली लव कुश रामलीला की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई है। शुक्रवार को रामलीला के प्रमुख किरदारों की फूल ड्रेस रिहर्सल के दौरान रावण का भारी-भरकम मुकुट, भव्य वेशभूषा और उसकी रौबदार आवाज आकर्षण का केन्द्र रही। वहीं, श्रीराम के किरदार में कलाकार की निश्चल, सौम्य और प्रभावशाली प्रस्तुति ने रामायण के दिव्य प्रसंगों को जीवंत कर दिया । इस अवसर पर लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने मीडिया को रामलीला के प्रमुख किरदार निभाने वाले कलाकारों से रूबरू करवाया। इस वर्ष रामलीला में फिल्म और टेलीविजन जगत के माध्यम से रामायण के प्रमुख प्रसंगों को मंच पर साकार करेंगे। एक्टर देवेश शर्मा श्री राम प्रमुख श्रीराम की भूमिका निभा रहे देवेश शर्मा टेलीविजन के लोकप्रिय धारावाहिक साम दाम दंड सहित कई परियोजनाओं में काम कर चुके हैं। वह युग के 251 एपिसोड में मुख्य भूमिका भी निभा चुके है। देवेश शर्मा ने कहा, मैं अपने आपको सौभाग्यशाली मानता हूँ कि देश की प्रसिद्ध लव कुश रामलीला कमेटी ने मुझे लालकिला मैदान में प्रभु श्रीराम का किरदार निभाने के लिए चुना है। श्रीराम का चरित्र निभाना मेरे लिए केवल अभिनय नहीं, बल्कि आस्था, जिम्मेदारी और सौभाग्य का विषय है। एक्ट्रेस कावेरी प्रियम माता सीता माता सीता की भूमिका निभा रही कावेरी प्रियम ये रिश्ते हैं प्यार के दिल माने ना, गुम है किसी के प्यार में, शक्ति और जिद्दी जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों के साथ-साथ कई ओटीटी परियोजनाओं में अहम भूमिकाएं निभा चुकी है। कावेरी प्रियम माता सीता की भूमिका को अपने अभिनय करियर की एक बड़ी उपलब्धि मानती है। उनके अनुसार माता सीता का चरित्र धैर्य, त्याग, मर्यादा और शक्ति का प्रतीक है, जिसे मंच पर निभाना उनके लिए विशेष अनुभव है। एक्टर टाइगर पंकज कामद महाबली हनुमान । महाबली हनुमान की भूमिका निभा रहे टाइगर पंकज कामद छोटे पर्दे पर अंगद, इन्द्रदेव, रानी की प्रेम कहानी, परशुराम और युधिष्ठिर जैसे धारावाहिकों में प्रमुख किरदार निभा चुके है। पंकज कामद के अनुसार, विशाल मंच पर हजारों दर्शकों के सामने हनुमान जी का किरदार पूरी उर्जा और भावनाओं के साथ निभाना एक बड़ी चुनौती है। वह इसे अपने अभिनय करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण और यादगार अनुभवों में से एक मानते हैं। एक्टर राजप्रेमी लंकापति रावण रावण की भूमिका निभा रहे राजप्रेमी हिन्दी फिल्म जगत और टेलीविजन के जाने-माने कलाकार है, वह सलमान खान की फिल्म वीर, सनी देओल की सुपरहित फिल्म गदर और संजय खान के मेगा धारावाहिक महाबली हनुमान सहित कई चर्चित परियोजनाओं में काम कर चुके हैं। राजप्रेमी के लिए रायण का किरदार निभाना विशेष उपलब्धि है। रावण की प्रभावशाली आवाज, व्यक्तित्य वेशभूषा और मंच पर उसके रौबदार अंदाज को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए विशेष तैयारी की गई है। मुंबई के अनुभवी कास्ठयूम डिजाइनर तैयार कर रहें है भव्य वेशभूषा रामलीला के प्रमुख कलाकारों की वेशभूषा तैयार करने की जिम्मेदारी अनुभवी कॉस्टयूम डिजाइनर विष्णु पाटिल और उनकी टीम संभाल रही है। बी.आर. चोपडा के लोकप्रिय धारावाहिक महाभारत, देवों के देव महादेव जैसे बड़े टेलीविजन प्रोजेक्ट्स और कई फिल्मों के कलाकारों के लिए कॉस्टयूम तैयार कर चुके विष्णु पाटिल पिछले दो महीनों से लय कुश रामलीला के प्रमुख पात्रों की पोशाकों पर काम कर रहें है। विष्णु पाटिल ने बताया कि हर साल रावण के लिए नए अंदाज के अस्त्र-शस्त्र, मुकुट और विशिष्ट आभूषण तैयार करना सबसे बड़ी चुनौती होती है। श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की वेशभूषा के लिए बनारस और कांचीपुरम की पांरपरिक पोशाकों से प्रेरणा ली जाती है, जबकि रावण की पोशाक के लिए मुंबई और राजस्थान से विशेष सामग्री व डिजाइन तैयार करवाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार रावण के लिए गहरे काले रंग की भारी-भरकम पोशाक तैयार की गई है। इसके साथ लगभग 11 किलोग्राम वजन का चमचमाता मुकुट भी बनाया गया है, जो मंच पर रावण के भव्य और प्रभावशाली व्यक्तित्व को और उभारता है। रामायण सहित कई फिल्मों और धारावाहिकों के मेकअप डिजाइनर संवारेंगे कलाकारों का रूप प्रमुख कलाकारों के मेकअप, स्टाइल और लुक को आकर्षक बनाने की जिम्मेदारी अनुभवी मेकअप डिजाइनर पंकज जीवराज चौटलिया संभाल रहे हैं। बुलेट राजा, रागिनी एमएमएस सहित कई फिल्मों और टेलीविजन परियोजनाओं से जुड़े पंकज जीवराज चौटलिया पिछले करीच तीन दशकों से मनोरंजन जगत में सक्रिय है। उन्होंने अरूण गोविल, दीपिका, दारा सिंह, सोनाक्षी सिन्हा, राज बब्बर, मनोज तिवारी और विद्युत जामवाल सहित अनेक कलाकारों के साथ काम किया है। इस बार वह मुंबई से अपनी टीम के साथ लव कुश रामलीला के प्रमुख कलाकारों के लिए विशेष मेकअप और अलग-अलग लुक तैयार कर रहे हैं, ताकि हर पात्र अपने वास्तविक चरित्र के अनुरूप दिखाई दें। 140 फुट लंबे भव्य मंच पर साकार होगा मीनाक्षी मंदिर लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस वर्ष रामलीला के मंचन के लिए लगभग 140 फुट लंबे, 60 फुट चौड़े और 45 फुट उंचे मंच पर भव्य मीनाक्षी मंदिर का सेट तैयार लिया गया है। इस विशाल सेट के निर्माण में गुजरात, कोलकाता, महाराष्ट्र, मयुरा और दिल्ली के करीब 40 कुशल कारीगर जुटे रहें है। उनका उद्देश्य दर्शकों को ऐसा भब्य दृश्य अनुभव देना है, जिसमें रामायण के प्रसंगों के साथ भारतीय मंदिर स्थापत्य और पारंपरिक कला की झलक भी दिखाई दें। अर्जुन कुमार ने कहा कि लव कुश रामलीला कमेटी इस वर्ष भी दर्शकों को भव्य मंच सज्जा, प्रभावशाली अभिनय आकर्षक वेशभूषा और आधुनिक तकनीक के समन्वय के साथ रामायण की दिव्य गाथा प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध है। लव कुश रामलीला कमेटी के महासचिव श्री सुभाष गोयल ने कहा कि रामलीला 11 से 21 अक्तूबर 2026 तक होगी एवं दशहरा पर्व 20 अक्तूबर 2026 को पूरे देश में मनाया जाएगा। रामलीला का भव्य मंच, अत्याधुनिक लाईटिंग, शानदार सेट, फिल्म एवं टीवी कलाकारों की मौजूदगी तया भारतीय संस्कृति की झलक दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेगी, 11 अक्तूबर को लीला का शुभारंभ के अवसर पर गणपति पूजन माननीय श्री ओम बिरला, लोक सभा अध्यक्ष एवं माननीय सांसद श्री प्रवीण खण्डेलवाल के कर कमलों से सम्पन्न होगा ।

Scroll to Top