Hot News

November 24, 2026

Business Buzz

वैश्विक तकनीक और इनोवेशन के दम पर आईएमटीईएक्स 2027 भारतीय मैन्युफैक्चरिंग को नई ऊँचाई पर ले जाएगा

मशीन टूल्स और मैन्युफैक्चरिंग तकनीक की एशिया की प्रमुख प्रदर्शनी बेंगलुरु में 85,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में 24 देशों के 1,200 से ज्यादा प्रदर्शकों को एक मंच पर लाएगी इंडियन मशीन टूल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (आईएमटीएमए) 21 से 27 जनवरी 2027 तक बेंगलुरु के बैंगलोर इंटरनेशनल एग्जीबिशन सेंटर (बीआईईसी) में आईएमटीईएक्स का 22वां संस्करण आयोजित करेगा। यह मशीन टूल्स और आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग तकनीकों की एशिया की प्रमुख और सबसे प्रभावशाली प्रदर्शनियों में से एक है। यह आयोजन ऐसे समय में हो रहा है, जब भारत का मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है, नई तकनीकों को अपना रहा है और दुनिया के बाजार में ज्यादा प्रतिस्पर्धी बन रहा है। आईएमटीईएक्स 2027 दुनिया भर की प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों, निर्माताओं, उद्योग विशेषज्ञों और फैसले लेने वालों को एक साथ जुटाएगा, जहां वे तकनीकें दिखेंगी, जो मैन्युफैक्चरिंग का भविष्य तय कर रही हैं। आईएमटीईएक्स के साथ दो और प्रदर्शनियां लगेंगी। टूलटेक में टूलिंग और प्रिसिजन इंजीनियरिंग पर फोकस रहेगा, जो आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग की रीढ़ हैं। डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग में स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमेशन, डिजिटलाइजेशन और इंडस्ट्री 4.0 से जुड़े समाधान दिखाए जाएंगे। आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग तकनीकों का वैश्विक मंच आईएमटीईएक्स 2027 में मेटल-कटिंग और आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी तकनीकों की पूरी रेंज देखने को मिलेगी। इस प्रदर्शनी में हाई-प्रिसिजन सीएनसी मशीन टूल्स, टूलिंग, ऑटोमेशन और रोबोटिक्स, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, स्मार्ट फैक्ट्री समाधान और डिजिटल तकनीकों के साथ-साथ मेट्रोलॉजी, क्वालिटी एश्योरेंस, आधुनिक मटेरियल और सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े इनोवेशन भी देखने को मिलेंगे। ये तकनीकें दिखाएंगी कि निर्माता दुनिया भर में मैन्युफैक्चरिंग की तेजी से बदलती मांगों के हिसाब से ढलते हुए अपने काम में सटीकता, उत्पादकता, लचीलापन, कुशलता और प्रतिस्पर्धा की क्षमता कैसे बढ़ा सकते हैं। आईएमटीईएक्स 2027 में 8 हॉल के लगभग 85,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में 24 देशों के 1,200 से ज्यादा प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। इतने बड़े पैमाने के साथ यह क्षेत्र में मैन्युफैक्चरिंग तकनीकों की सबसे बड़ी प्रदर्शनियों में शामिल होगी। चीन, चेक गणराज्य, जर्मनी, इटली, जापान, कोरिया, ताइवान और संयुक्त राज्य अमेरिका के कंट्री पवेलियन इस प्रदर्शनी की अंतरराष्ट्रीय पहचान और वैश्विक तकनीकी जुड़ाव को और मजबूत करेंगे। ज्ञान, इनोवेशन और उद्योग से जुड़ाव प्रदर्शनी के अलावा आईएमटीईएक्स 2027 में जानकारी साझा करने और शिक्षा जगत को उद्योग से जोड़ने वाले कई कार्यक्रम होंगे, जिनमें शामिल हैं: * मशीनिंग टेक्नोलॉजी पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार: इसमें उद्योग जगत के विशेषज्ञ और टेक्नोलॉजी लीडर्स एक साथ आकर नई तकनीकों, आधुनिक मटेरियल, ऑटोमेशन, डिजिटलाइजेशन और सस्टेनेबल फॉर्मिंग प्रक्रियाओं पर चर्चा करेंगे। * आई2 एकेडेमिया पवेलियन: यह शिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत को जोड़ने की पहल है, ताकि वे रिसर्च, इनोवेशन और नई तकनीक विकसित करने में एक-दूसरे के साथ मिलकर काम कर सकें। * जागृति युवा कार्यक्रम: इस कार्यक्रम के तहत इंजीनियरिंग के छात्रों को उद्योग विशेषज्ञों से बातचीत करने और जानकारी साझा करने का मौका मिलेगा, जिससे वे मशीन टूल और मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री को करीब से समझ सकेंगे। * मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी क्विज प्रतियोगिता: यह छात्रों और युवा पेशेवरों के लिए एक रोचक प्रतियोगिता होगी, जिसके जरिए वे मैन्युफैक्चरिंग की नई तकनीकों और उद्योग के ताजा रुझानों के बारे में जान सकेंगे। मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में उत्कृष्टता का सम्मान आईएमटीईएक्स 2027 में उद्योग के बेहतरीन योगदान और उपलब्धियों का सम्मान भी होगा। इस मौके पर आईएमटीएमए कई प्रतिष्ठित पुरस्कार देगा, जिनमें शामिल हैं: * आईएमटीएमए-कूपर अवार्ड फॉर आउटस्टैंडिंग सप्लाई चेन यूनिट (सर डी. बी. कूपर की स्मृति में) * आईएमटीएमए-बीएफडब्ल्यू लाइफटाइम कंट्रीब्यूशन अवार्ड (एच. आर. गुप्ता की स्मृति में) * आईएमटीएमए-प्रीमियर आउटस्टैंडिंग एंटरप्रेन्योर अवार्ड (विनोद दोशी की स्मृति में) * आईएमटीएमए बेस्ट डिजाइन अवार्ड * आईएमटीएमए एक्सपोर्ट परफॉर्मेंस अवार्ड (शैलेश आर. शेठ की स्मृति में) तेजी से आगे बढ़ता भारतीय मशीन टूल उद्योग भारतीय मशीन टूल उद्योग के प्रदर्शन पर बात करते हुए आईएमटीएमए की अध्यक्ष मोहिनी केलकर ने कहा, “वित्त वर्ष 26 में भारतीय मशीन टूल उद्योग ने अपनी मजबूत विकास दर को बनाए रखा। सालाना आधार पर उत्पादन लगभग 19% बढ़कर करीब 17,387 करोड़ रुपये (2 अरब अमेरिकी डॉलर) तक पहुंच गया, जबकि आयात में 16% की वृद्धि हुई और यह 21,628 करोड़ रुपये (2.4 अरब अमेरिकी डॉलर) रहा। मशीन टूल्स के निर्यात में 76% की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई, और यह 2,596 करोड़ रुपये (30 करोड़ अमेरिकी डॉलर) तक पहुंच गया। वहीं, घरेलू खपत भी लगभग 15% बढ़कर 36,419 करोड़ रुपये (4.1 अरब अमेरिकी डॉलर) हो गई। इन आंकड़ों से भारत के मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की बढ़ती ताकत और आधुनिक उत्पादन तकनीकों की बढ़ती मांग का पता चलता है।” उद्योग के इस मजबूत प्रदर्शन और नई तकनीकों को अपनाने के बढ़ते रुझान के बीच आईएमटीईएक्स 2027 भारत में मैन्युफैक्चरिंग विकास के अगले चरण को गति देने के लिए तैयार है। यह प्रदर्शनी निर्माताओं को वैश्विक तकनीकों तक पहुंच देगी, कारोबारी साझेदारी के मौके बनाएगी, जानकारी के लेन-देन का मौका देगी और पूरी वैल्यू चेन में इनोवेशन को बढ़ावा देगी। आईएमटीईएक्स 2027 तकनीक, कारोबार और नए विचारों का एक अहम संगम होगा, जहां वे क्षमताएं और इनोवेशन सामने आएंगे, जो भारतीय और वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग का भविष्य तय करेंगे। आईएमटीएमए के महानिदेशक और सीईओ जिबक दासगुप्ता ने कहा, “आईएमटीईएक्स वह मंच है, जहां तकनीक और नए मौके आपस में जुड़ते हैं। अब जब भारत का मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें बड़े बदलाव आ रहे हैं, यह प्रदर्शनी सबसे नई तकनीक, समाधान और विशेषज्ञता को एक जगह लाएगी। इससे मैन्युफैक्चरर्स को उत्पादकता बढ़ाने, इनोवेशन अपनाने और भविष्य के लिए अपनी क्षमताएं तैयार करने में मदद मिलेगी। आईएमटीईएक्स 2027 में उद्योग देख सकेगा कि क्या-क्या मुमकिन है, और नई तकनीकों को तरक्की के मौकों में कैसे बदला जा सकता है।”

Destination Spotlight

आईआईटीएफ 2026 में उमड़ा जनसैलाब: प्रगति मैदान बना उत्साह, व्यापार और संस्कृति का महाकुंभ

कौशल कुमार नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित प्रगति मैदान में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 के नौवें दिन लोगों का ऐसा सैलाब उमड़ा कि मेले के कई हिस्सों में कदम रखने तक की जगह नहीं बची। छुट्टी का दिन होने के कारण सुबह से ही हजारों की संख्या में लोग अपने परिवार, मित्रों और बच्चों के साथ ट्रेड फेयर का आनंद लेने पहुंचे। गेट खुलते ही प्रवेश द्वारों पर लंबी-लंबी कतारें दिखाई देने लगीं और देखते ही देखते पूरा परिसर दर्शकों से खचाखच भर गया। ट्रेड फेयर के नौवें दिन लगभग 1.25 लाख से अधिक दर्शकों की मौजूदगी ने इस आयोजन को अब तक के सबसे व्यस्त दिनों में शामिल कर दिया। मेले में उमड़ी भीड़ ने यह साबित कर दिया कि आईआईटीएफ केवल व्यापारिक गतिविधियों का मंच नहीं, बल्कि दिल्ली और आसपास के राज्यों के लोगों के लिए एक बड़े उत्सव का स्वरूप ले चुका है। सबसे अधिक भीड़ हॉल नंबर 9, 10, 11, 12 और 14 में देखने को मिली। इन हॉलों में विभिन्न राज्यों, उद्योगों, हस्तशिल्प, आधुनिक तकनीकों और उपभोक्ता उत्पादों से जुड़े आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। दर्शकों का उत्साह इतना अधिक था कि कई स्थानों पर लोगों को आगे बढ़ने के लिए काफी समय तक इंतजार करना पड़ा। बच्चों में खिलौनों और तकनीकी प्रदर्शनों को लेकर उत्सुकता दिखाई दी, वहीं महिलाएं हस्तशिल्प, वस्त्र और घरेलू उत्पादों की खरीदारी में व्यस्त नजर आईं। हालांकि भारी भीड़ के चलते कई लोगों को असुविधाओं का भी सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हॉलों के अंदर गर्मी और घुटन का माहौल महसूस हो रहा था। कई बुजुर्गों और छोटे बच्चों को भीड़ में चलने और लंबे समय तक खड़े रहने में परेशानी हुई। कुछ स्थानों पर लोगों को बैठने और आराम करने के लिए जगह तलाशनी पड़ी। बावजूद इसके, दर्शकों के चेहरे पर मेले को लेकर उत्साह और रोमांच साफ दिखाई दे रहा था। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम सहित एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग ट्रेड फेयर पहुंचे। कई परिवारों ने इसे एक यादगार छुट्टी के रूप में बिताया। दर्शकों का कहना था कि उन्हें यहां देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, कला, खानपान और उत्पादों को एक ही स्थान पर देखने का अवसर मिलता है, जो इस मेले की सबसे बड़ी विशेषता है। जहां एक ओर प्रमुख हॉलों में भारी भीड़ देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर इसका असर कुछ अन्य हॉलों पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। हॉल नंबर 1, 2, 3 और 5 में स्थित कई राज्य मंडपों और व्यापारिक स्टॉलों तक अपेक्षित संख्या में दर्शक नहीं पहुंच सके। इन हॉलों में मौजूद कई भागीदार व्यापारियों और प्रदर्शकों ने निराशा व्यक्त की। उनका कहना था कि दर्शकों का अधिकांश रुझान लोकप्रिय और चर्चित हॉलों की ओर रहा, जिसके कारण उनके स्टॉल तक लोगों की पहुंच सीमित रही। कई राज्य मंडपों में पारंपरिक वस्त्र, हस्तशिल्प, गृह सज्जा सामग्री तथा स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए गए थे, लेकिन छुट्टी के दिन जिस स्तर की बिक्री और दर्शकों की सहभागिता की उम्मीद थी, वह पूरी नहीं हो सकी। कुछ व्यापारियों ने बताया कि व्यापारिक दिनों में आने वाले कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों और विशेष आमंत्रित मेहमानों ने काफी खरीदारी की थी, लेकिन सार्वजनिक अवकाश के दिन बड़ी भीड़ होने के बावजूद खरीदारी अपेक्षाकृत कम रही। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के स्टॉल संचालकों ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग उनके उत्पादों को देखने तो आए, लेकिन खरीदारी सीमित रही। उनका मानना है कि अधिकांश दर्शक इस दिन घूमने और मनोरंजन के उद्देश्य से पहुंचे थे, जबकि गंभीर खरीदारों की संख्या कम थी। इससे कई व्यापारियों को उम्मीद के अनुरूप व्यावसायिक लाभ नहीं मिल पाया। इसके विपरीत खाद्य स्टॉल, फास्ट फूड जोन और मनोरंजन गतिविधियों वाले क्षेत्र पूरे दिन दर्शकों से भरे रहे। विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। बच्चों के लिए बनाए गए विशेष आकर्षण केंद्र भी दिनभर लोगों से गुलजार रहे। आईआईटीएफ 2026 का यह दृश्य एक बार फिर साबित करता है कि यह आयोजन केवल व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि संस्कृति, पर्यटन, नवाचार और मनोरंजन का संगम बन चुका है। यहां देश के अलग-अलग हिस्सों की झलक एक ही परिसर में देखने को मिलती है, जो इसे आम लोगों के लिए बेहद खास बनाती है। छुट्टी वाले दिन उमड़ी रिकॉर्डतोड़ भीड़ ने आयोजकों के लिए जहां सुरक्षा और व्यवस्था की चुनौती बढ़ाई, वहीं यह भी संकेत दिया कि लोगों के बीच ट्रेड फेयर की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है ताकि हर आगंतुक सुरक्षित और आरामदायक तरीके से इस विशाल आयोजन का आनंद उठा सके। कुल मिलाकर, आईआईटीएफ 2026 के नौवें दिन प्रगति मैदान में जो दृश्य देखने को मिला, वह किसी उत्सव से कम नहीं था। भीड़, उत्साह, रंग-बिरंगे स्टॉल, खरीदारी, स्वादिष्ट व्यंजन और सांस्कृतिक विविधता ने इस दिन को यादगार बना दिया। यही कारण है कि ट्रेड फेयर आज केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि दिल्ली वालों के दिलों में बस चुका एक वार्षिक महोत्सव बन गया है।

Cultural Journeys

भारत मंडपम में झारखंड की सांस्कृतिक छटा, मानवभूम छऊ के ‘महिषासुर मर्दिनी’ मंचन ने मोहा दर्शकों का मन

*IITF-2026 में झारखंड दिवस की धूम, 42 स्टॉलों में दिखी राज्य की कला, संस्कृति और उद्यमिता की झलक* नई दिल्ली : 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026 में भारत मंडपम स्थित झारखंड पवेलियन में झारखंड दिवस का आयोजन उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्री इरफान अंसारी, राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, और उद्योग विभाग के सचिव श्री अरवा राजकमल उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके पश्चात झारखंड पवेलियन के सभी 24 स्टॉलों के साथ-साथ पलाश मार्ट के सभी 18 स्टॉलों का भी अवलोकन किया। राज्य की आदिवासी विरासत, लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की सराहना की। नाट्यशाला थिएटर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में झारखंड के लोक कलाकारों ने अपने पारंपरिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत और विरासत से सजी इन प्रस्तुतियों ने झारखंड की सांस्कृतिक विविधता को प्रभावशाली रूप में उजागर किया। उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पवेलियन पहुँचकर सबसे पहले भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद उन्होंने पवेलियन में लगे सभी 42 स्टॉलों का अवलोकन किया, जहाँ उन्होंने राज्य के कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रस्तुत उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि झारखण्ड राज्य भी इस फेयर में अपने विकास को प्रदर्शित कर रहा है। स्वास्थ्य मंत्री श्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड अब विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य की पहचान अब केवल खनिज संपदा और खनन तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं उभर रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में झारखंड उद्योग, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा। सरकार का लक्ष्य झारखंड को आर्थिक रूप से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है।” उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि “राज्य सरकार लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने और स्थानीय उद्यमिता को मजबूत बनाने के लिए नई नीतियों पर काम कर रही है। इसका उद्देश्य राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित करना और स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सरकार पर्ल फार्मिंग (मोती की खेती) को भी प्रोत्साहित कर रही है तथा इस क्षेत्र के विस्तार के लिए नई नीति लागू करने की दिशा में योजना बना रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए साधन विकसित होंगे और अधिक से अधिक लोगों को रोजगार एवं आय के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।” कार्यक्रम में प्रभात कुमार महतो, नटराज कला केंद्र, ईचागढ़ एवं उनकी टीम ने मानवभूम छऊ नृत्य शैली में ‘महिषासुर मर्दिनी’ की आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं, लक्ष्मीनाथ महतो, न्यू झारखंड कला संगीत सृजन केंद्र, बुढ़मू एवं उनकी टीम ने पारंपरिक नागपुरी डमकच नृत्य प्रस्तुत किया। सुखराम पाहन एवं उनकी टीम ने मुंडारी नृत्य, जबकि विक्रम टुडू, कला मंदिर, जमशेदपुर एवं उनकी टीम ने संथाली नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके अलावा, विनोद कुमार महतो के नेतृत्व में जागो जगाओ सांस्कृतिक कला मंच, बोकारो की टीम ने पारंपरिक घोड़ा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को आकर्षित किया। इस वर्ष झारखंड पवेलियन में राज्य की पारंपरिक विरासत और आधुनिक उद्यमिता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां पैतकर और सोहराय पेंटिंग जैसी पारंपरिक कलाओं के साथ झारखंड पर्यटन, वन विभाग, मत्स्य निदेशालय, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड, झारक्राफ्ट, पलाश मार्ट और झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टॉल आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। IITF के जरिए स्थानीय उत्पादों को नए बाजारों से जोड़ने और राज्य की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की संभावनाएं भी सामने आ रही हैं। कार्यक्रम के दौरान उद्योग निदेशक विशाल सागर एवं हस्तशिल्प एवं हथकरघा विभाग की निदेशक प्रीति रानी भी उपस्थित रहीं।

Scroll to Top