Hot News

भारत मंडपम में झारखंड की सांस्कृतिक छटा, मानवभूम छऊ के ‘महिषासुर मर्दिनी’ मंचन ने मोहा दर्शकों का मन

*IITF-2026 में झारखंड दिवस की धूम, 42 स्टॉलों में दिखी राज्य की कला, संस्कृति और उद्यमिता की झलक*

नई दिल्ली : 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026 में भारत मंडपम स्थित झारखंड पवेलियन में झारखंड दिवस का आयोजन उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्री इरफान अंसारी, राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, और उद्योग विभाग के सचिव श्री अरवा राजकमल उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

इसके पश्चात झारखंड पवेलियन के सभी 24 स्टॉलों के साथ-साथ पलाश मार्ट के सभी 18 स्टॉलों का भी अवलोकन किया। राज्य की आदिवासी विरासत, लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की सराहना की।

नाट्यशाला थिएटर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में झारखंड के लोक कलाकारों ने अपने पारंपरिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत और विरासत से सजी इन प्रस्तुतियों ने झारखंड की सांस्कृतिक विविधता को प्रभावशाली रूप में उजागर किया।

उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पवेलियन पहुँचकर सबसे पहले भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद उन्होंने पवेलियन में लगे सभी 42 स्टॉलों का अवलोकन किया, जहाँ उन्होंने राज्य के कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रस्तुत उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि झारखण्ड राज्य भी इस फेयर में अपने विकास को प्रदर्शित कर रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री श्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड अब विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य की पहचान अब केवल खनिज संपदा और खनन तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं उभर रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में झारखंड उद्योग, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा। सरकार का लक्ष्य झारखंड को आर्थिक रूप से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है।”

उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि “राज्य सरकार लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने और स्थानीय उद्यमिता को मजबूत बनाने के लिए नई नीतियों पर काम कर रही है। इसका उद्देश्य राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित करना और स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सरकार पर्ल फार्मिंग (मोती की खेती) को भी प्रोत्साहित कर रही है तथा इस क्षेत्र के विस्तार के लिए नई नीति लागू करने की दिशा में योजना बना रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए साधन विकसित होंगे और अधिक से अधिक लोगों को रोजगार एवं आय के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।”

कार्यक्रम में प्रभात कुमार महतो, नटराज कला केंद्र, ईचागढ़ एवं उनकी टीम ने मानवभूम छऊ नृत्य शैली में ‘महिषासुर मर्दिनी’ की आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं, लक्ष्मीनाथ महतो, न्यू झारखंड कला संगीत सृजन केंद्र, बुढ़मू एवं उनकी टीम ने पारंपरिक नागपुरी डमकच नृत्य प्रस्तुत किया। सुखराम पाहन एवं उनकी टीम ने मुंडारी नृत्य, जबकि विक्रम टुडू, कला मंदिर, जमशेदपुर एवं उनकी टीम ने संथाली नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके अलावा, विनोद कुमार महतो के नेतृत्व में जागो जगाओ सांस्कृतिक कला मंच, बोकारो की टीम ने पारंपरिक घोड़ा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को आकर्षित किया।

इस वर्ष झारखंड पवेलियन में राज्य की पारंपरिक विरासत और आधुनिक उद्यमिता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां पैतकर और सोहराय पेंटिंग जैसी पारंपरिक कलाओं के साथ झारखंड पर्यटन, वन विभाग, मत्स्य निदेशालय, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड, झारक्राफ्ट, पलाश मार्ट और झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टॉल आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

IITF के जरिए स्थानीय उत्पादों को नए बाजारों से जोड़ने और राज्य की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की संभावनाएं भी सामने आ रही हैं। कार्यक्रम के दौरान उद्योग निदेशक विशाल सागर एवं हस्तशिल्प एवं हथकरघा विभाग की निदेशक प्रीति रानी भी उपस्थित रहीं।

Scroll to Top