IITF 2026: भारत मंडपम में सजेगा कारोबार, संस्कृति और तकनीक का सबसे बड़ा उत्सव
13 से 27 नवंबर तक चलेगा इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर नई दिल्ली : भारत की सबसे प्रतिष्ठित व्यापार प्रदर्शनियों में से एक इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 का आयोजन 13 से 27 नवंबर तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में किया जाएगा। इस वर्ष मेले की थीम “विकास और विरासत“ रखी गई है, जो भारत की आधुनिक प्रगति और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगी। आईआईटीएफ 2026 में भारत और विदेशों से 3500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे, जबकि देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मंडप आकर्षण का केंद्र होंगे। बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को पार्टनर स्टेट बनाया गया है, वहीं असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस स्टेट के रूप में शामिल होंगे। मेले में 10 देशों की अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भी देखने को मिलेगी, जिनमें थाईलैंड, ईरान, नेपाल, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश प्रमुख हैं। इसके अलावा 51 केंद्रीय मंत्रालय, सरकारी विभाग, पीएसयू और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक भी अपनी उपलब्धियों और योजनाओं का प्रदर्शन करेंगे। इस बार आगंतुकों के लिए हॉल ऑफ इंस्पिरेशन, ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) पवेलियन, इमर्सिव डिजिटल जोन और 90 से अधिक फूड आउटलेट्स विशेष आकर्षण रहेंगे। वहीं सूफी संगीत, ओडिसी नृत्य, कव्वाली, लाइव कॉन्सर्ट और लोक कला कार्यक्रम मेले को और रंगीन बनाएंगे। व्यावसायिक आगंतुकों के लिए 14 से 18 नवंबर तक विशेष B2B दिवस निर्धारित किए गए हैं, जबकि आम जनता के लिए मेला 19 से 27 नवंबर तक खुला रहेगा। IITF 2026 केवल एक व्यापार मेला नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक शक्ति, नवाचार, संस्कृति और उद्यमिता का भव्य उत्सव बनने जा रहा है। IITF 2026 में आगंतुकों और प्रदर्शकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए कई उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मेले के परिसर में आवागमन को आसान बनाने के लिए शटल सेवा और गोल्फ कार्ट की व्यवस्था होगी। आगंतुकों के लिए पर्याप्त पार्किंग, ऐप-आधारित कैब सेवाओं के लिए विशेष पिक-अप एवं ड्रॉप प्वाइंट, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन स्थितियों के लिए एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता एवं सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। पूरे आयोजन स्थल पर 24 घंटे निगरानी सहित मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, खोया-पाया केंद्र, विजिटर सहायता काउंटर, पोर्टर और कंसीयर्ज सेवाएं, क्लोक रूम सुविधाएं तथा पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए ग्रीन मोबिलिटी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। आगंतुकों को आवश्यक जानकारी, प्रदर्शनी से जुड़े अपडेट और प्रचार सामग्री उपलब्ध कराने के लिए पूरे परिसर में डिजिटल डिस्प्ले और एलईडी मस्त लगाए जाएंगे। IITF 2026 में आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और टिकट व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाया गया है। सामान्य आगंतुकों के लिए भैरों रोड स्थित गेट नंबर 3 और 4 तथा मथुरा रोड स्थित गेट नंबर 6 और 10 से प्रवेश की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रोटोकॉल श्रेणी के आगंतुक गेट नंबर 1, 5A, 7 और 10 का उपयोग कर सकेंगे, जबकि मालवाहक वाहनों के लिए गेट नंबर 1, 3 और 5B निर्धारित किए गए हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए प्रवेश मार्गों में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है, इसलिए आगंतुकों को ITPO और ट्रैफिक विभाग की नवीनतम सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है। टिकट दरों की बात करें तो बिजनेस डेज़ के दौरान वयस्कों के लिए प्रवेश शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। सामान्य दिनों में सप्ताहांत और राजपत्रित अवकाश पर वयस्कों के लिए टिकट 200 रुपये तथा बच्चों के लिए 100 रुपये रहेगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामान्य दिनों में केवल 50 रुपये का टिकट रखा गया है, जबकि 19 से 27 नवंबर के बीच वैध सरकारी पहचान पत्र दिखाने पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजन को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा, सीजन टिकट, प्रदर्शक पास और विभिन्न श्रेणियों के विशेष टिकट भी उपलब्ध रहेंगे। आगंतुक ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए booking.indiatradefair.com वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं, जिससे मेले में प्रवेश प्रक्रिया और भी आसान एवं सुविधाजनक हो जाएगी।












