Hot News

October 28, 2026

Cultural Journeys

दिल्ली में पहली बार चीनी फिल्मों का ऐतिहासिक महोत्सव, ट्रॉफी और मेडल का भव्य अनावरण

The Embassy of the People’s Republic of China in New Delhi, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा और दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की अनूठी सांस्कृतिक जुगलबंदी, 30 और 31 अक्टूबर को फिल्म डिवीजन ऑडिटोरियम में सजेगी महफिल नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में पहली बार आयोजित होने जा रहे “1st Delhi International Film Festival Chinese Film Festival 2026” की आधिकारिक घोषणा बुधवार को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में की गई। यह महोत्सव 30 और 31 अक्टूबर को नई दिल्ली के फिल्म डिवीजन ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जिसमें चीन और भारत की 10 से अधिक चर्चित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन चीन के दूतावास, दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीन के मिनिस्टर काउंसलर वांग शिनमिंग और फर्स्ट सेक्रेटरी डॉ. झांग हेलिन ने महोत्सव की आकर्षक ट्रॉफी और मेडल का भव्य अनावरण किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सिनेमा भारत और चीन के बीच सांस्कृतिक संवाद एवं मैत्री को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के संस्थापक एवं फेस्टिवल डायरेक्टर राम किशोर परचा ने इसे दोनों देशों के फिल्म उद्योगों के बीच सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। महोत्सव का उद्घाटन 30 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग करेंगे, जबकि समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण 31 अक्टूबर शाम 6 बजे आयोजित होगा। प्रसिद्ध रंगकर्मी अरविंद गौड़ जूरी प्रमुख की भूमिका निभाएंगे। महोत्सव के दौरान विशेष सिनेमा वर्कशॉप, फिल्म चर्चा सत्र तथा भारत-चीन को-प्रोडक्शन और सहयोग पर विशेष संवाद भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवा फिल्मकारों और छात्रों को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। महोत्सव की मुख्य कड़ियाँ (Schedule at a Glance): * तारीख: 30 और 31 अक्टूबर 2026 * स्थान (वेन्यू): फिल्म डिवीजन ऑडिटोरियम (FDA), महादेव रोड, नई दिल्ली * भव्य उद्घाटन समारोह: 30 अक्टूबर 2026, सुबह 11:30 बजे (विशिष्ट अतिथि: महामहिम शू फेइहोंग, चीनी राजदूत) * सिनेमा वर्कशॉप (नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा सहयोग): दोनों दिन दोपहर 3:00 बजे * को-प्रोडक्शन और कोलैबोरेशन टॉक: 31 अक्टूबर 2026 * समापन व पुरस्कार वितरण: 31 अक्टूबर 2026, शाम 06:00 बजे

Sports Arena

शिल्पा सलूजा के स्वर्णिम प्रदर्शन से चमकी दिल्ली, राष्ट्रीय पैरा कैनो में 5 पदकों की शानदार उपलब्धि

By : Kaushal Kumar भोपाल (मध्य प्रदेश) स्थित लोअर लेक में 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 19वीं राष्ट्रीय पैरा कैनो चैंपियनशिप में दिल्ली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदकों सहित कुल 5 पदक जीतकर राजधानी का नाम गौरवान्वित किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने दिल्ली राज्य कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ (DSKCA) तथा सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब (SVWSC) को गौरव का एक और अवसर प्रदान किया है। प्रतियोगिता में महिला वीएल-2 200 मीटर स्पर्धा में शिल्पा सलूजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं पुरुष वीएल-2 200 मीटर वर्ग में प्रवीण कुमार ने रजत पदक जीतकर दिल्ली का मान बढ़ाया। इसी वर्ग में विजय कुमार ने कांस्य पदक प्राप्त किया। पुरुष केएल-2 200 मीटर स्पर्धा में कृष्ण कुमार समानिया ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि पुरुष वीएल-3 200 मीटर वर्ग में अमित कुमार ने भी कांस्य पदक जीतकर दिल्ली के पदकों की संख्या बढ़ाई। इस प्रकार दिल्ली टीम ने प्रतियोगिता में कुल 5 पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। दिल्ली राज्य कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के अध्यक्ष ‘चौधरी त्रिलोचन सिंह’ ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प वास्तव में प्रेरणादायक हैं। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ी सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब में नियमित और कठिन प्रशिक्षण लेते हैं, जिसका परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिला है। उन्होंने आगे कहा कि यह उपलब्धि केवल खिलाड़ियों की ही नहीं, बल्कि पूरे DSKCA और SVWSC परिवार के लिए गर्व का विषय है। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और संघर्ष के बल पर दिल्ली को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान दिलाया है। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों, अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग ने खिलाड़ियों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ओलंपियन कोच सुभेदार अनिल राठी के निरंतर मार्गदर्शन एवं कोच अभिषेक मिश्रा के समर्पण और खिलाड़ियों के प्रति अथक प्रयासों हेतु विशेष आभार। अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में दिल्ली के ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी तरह कड़ी मेहनत करते रहें और दिल्ली को नए-नए गौरवपूर्ण क्षण प्रदान करते रहें। दिल्ली के खेल प्रेमियों और खेल समुदाय ने भी सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों पर खुशी व्यक्त की है। 19वीं राष्ट्रीय पैरा कैनो चैंपियनशिप में हासिल यह सफलता निश्चित रूप से दिल्ली में पैरा खेलों के विकास और खिलाड़ियों के उत्साह को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश देगी। पदक विजेता खिलाड़ी (दिल्ली): 🥇 शिल्पा सलूजा – महिला VL2 200 मीटर – स्वर्ण पदक 🥈 प्रवीण कुमार – पुरुष VL2 200 मीटर – रजत पदक 🥉 विजय कुमार – पुरुष VL2 200 मीटर – कांस्य पदक 🥉 कृष्ण कुमार समानिया – पुरुष KL2 200 मीटर – कांस्य पदक 🥉 अमित कुमार – पुरुष VL3 200 मीटर – कांस्य पदक कुल पदक: 5 | 1 स्वर्ण | 1 रजत | 3 कांस्य

Scroll to Top