Hot News

April 30, 2026

Bollywood Beats

वरिष्ठ फिल्मकार के. सी. बोकाडिया का सफर : ‘रिवाज़’ से ‘तीसरी बेगम’ तक

मुंबई : हिंदी फिल्म जगत में के. सी. बोकाडिया का नाम एक ऐसे फिल्मकार के रूप में लिया जाता है, जिन्होंने लंबे समय तक दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और अनेक सफल फिल्में दीं। उनका सफर मेहनत, लगन और निरंतर काम करते रहने की मिसाल है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म रिवाज़ से की थी। इस फिल्म में संजीव कुमार , माला सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे बड़े कलाकार थे। यहीं से उनके फिल्मी सफर की मजबूत शुरुआत हुई। इसके बाद उन्होंने लगभग 60 फिल्मों का निर्माण किया, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। उनकी सफल फिल्मों में प्यार झुकता नहीं, तेरी मेहरबानियां, आज का अर्जुन, नसीब अपना अपना, मैदान ऐ जंग , कुदरत का क़ानून ,जवाब हम देंगे और फूल बने अंगारे शामिल हैं। इन फिल्मों को दर्शकों ने खूब सराहा। उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ आज का अर्जुन और लाल बादशाह जैसी फिल्में बनाईं, जो काफी सफल रहीं। वहीं रजनीकांत के साथ भी उन्होंने पांच फिल्में कीं, जो उनकी विशेष उपलब्धि मानी जाती है। प्रियंका चोपड़ा ,सनी देओल सहित लगभग सभी प्रमुख कलाकारों के साथ उन्होंने काम किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने प्रसिद्ध निर्देशक के आसिफ़ की अधूरी फिल्म लव एंड गॉड को भी पूरा किया। यह उनके अनुभव और समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने नई पीढ़ी के कलाकारों के साथ भी काम किया। सलमान ख़ान , शाहरुख़ ख़ान ,माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय को लेकर उन्होंने हम तुम्हारे हैं सनम बनाई, जिसे दर्शकों ने पसंद किया। हाल ही में उनका धारावाहिक सरदार दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ और दर्शकों को पसंद भी आया। इसके अलावा अनुपम खेर ,महिमा चौधरी और अन्नू कपूर अभिनीत फिल्म सिग्नेचर को भी अच्छा प्रतिसाद मिला। अब उनकी नई फिल्म तीसरी बेगम 29 मई को प्रदर्शित होने जा रही है। फिल्म की कहानी एक ऐसे मुस्लिम किरदार की है, जो तीन शादियां करता है—एक मुस्लिम, एक राजपूत और एक ब्राह्मण पत्नी से। यह फिल्म पहले प्रमाणन प्रक्रिया में अटकी हुई थी, लेकिन अब सभी मंजूरी मिलने के बाद इसके प्रदर्शन का मार्ग साफ हो गया है। के. सी. बोकाडिया उन गिने-चुने फिल्मकारों में हैं, जिन्होंने लगभग हर बड़े कलाकार के साथ काम किया है। उनका अनुभव और योगदान आज भी फिल्म जगत के लिए प्रेरणा बना हुआ है।

Cultural Journeys

कथक और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा: अमायरा डांस अकैडमी का सफल आयोजन

नई दिल्ली : राजधानी में अमायरा डांस अकैडमी द्वारा एक भव्य सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल के रूप में आचार्या कल्पना, रजनी राव और शफीता खान उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता में विशेष रूप से छोटे बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए विजेताओं को ट्रॉफी एवं अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन अमायरा डांस अकैडमी की ऑनर मिस्टी आनंद के नेतृत्व में किया गया। उनके कुशल प्रबंधन और समर्पण के चलते आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित एवं आकर्षक रहा। मिस्टी आनंद ने इस अवसर पर कहा कि उनका उद्देश्य कथक एवं भारतीय नृत्य कला को प्रोत्साहित करना और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। वे पारंपरिक और आधुनिक नृत्य शैलियों के समन्वय के माध्यम से भारतीय संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

Scroll to Top