Hot News

November 21, 2026

Readers' Blog

प्रवासी साहित्य की संवेदना, स्त्री चेतना और बेबाक अभिव्यक्ति का अनूठा संगम हैं शिखा वार्ष्णेय की रचनाएं

पांच पुस्तकों के आधार पर प्रवासी साहित्य की पहचान, प्रासंगिकता और भारतीय साहित्य से उसके रिश्तों पर हुआ सार्थक विमर्श ~ प्रदीप कुमार नई दिल्ली। प्रवासी साहित्य केवल अपनी जन्मभूमि की स्मृतियों को सहेजने का माध्यम नहीं, बल्कि दो देशों, संस्कृतियों और सभ्यताओं के बीच संवाद का सशक्त सेतु भी है। इसी भावभूमि पर 21 नवंबर को प्रवासी भवन में अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद, वातायन-यूरोप एवं वैश्विक हिंदी परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘डायस्पोरा से संवाद’ कार्यक्रम में ब्रिटेन में हिंदी की पैरोकार और साहित्यकार शिखा वार्ष्णेय की पांच पुस्तकों- ‘स्मृतियों में रूस’, ”, ‘पाँव के पंख’, ‘मन के प्रतिबिंब’ और ‘देशी चश्मे से लंदन डायरी’ पर विमर्श हुआ। इस अवसर पर उनके साहित्य की संवेदनशीलता, स्त्री चेतना, सामाजिक सरोकारों और प्रवासी अनुभवों पर गंभीर चर्चा हुई। शिखा वार्ष्णेय की रचनाओं में स्त्री जीवन के विविध पक्षों, लैंगिक असमानताओं, स्त्री अस्मिता और व्यक्तिगत अनुभवों की बेबाक अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। विशेष बात यह है कि वे जटिल और संवेदनशील विषयों, यहां तक कि समलैंगिकता जैसे मुद्दों पर भी बिना किसी दुराव-छिपाव के सरल भाषा में अपनी बात रखती हैं। उनके लेखन में सूत्रात्मक वाक्य और जीवन के अनुभव पाठक को सोचने के लिए प्रेरित करते हैं। उनका मानना है कि संसार के किसी भी क्षेत्र में रहने वाली स्त्री की मूल संवेदनाएं और संघर्ष एक जैसे हैं। संवाद के दौरान शिखा ने कहा कि वे खुद को भाग्यवान मानती हैं उन्हें देश विदेश में खूब मान सम्मान और प्यार मिला। लेकिन उन्होंने इस बात पर दुख प्रकट किया कि प्रवासी साहित्य को भारत में अब तक वह स्थान नहीं मिला, जिसका वह हकदार है। इस पर प्रवासी संसार पत्रिका के संस्थापक और संपादक राकेश पाण्डेय ने असहमति प्रकट करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्रवासी साहित्य को भारतीय साहित्य जगत में यथोचित स्थान और सम्मान मिला है। वैश्विक हिंदी परिवार के अध्यक्ष अनिल शर्मा जोशी ने प्रवासी साहित्य के मूल तत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि नॉस्टेल्जिया यानी अतीत और अपनी मिट्टी की स्मृतियां प्रवासी साहित्य की जड़ हैं, जिन्हें उससे अलग नहीं किया जा सकता। ‘देशी चश्मे से डायरी’ में विदेश के अनुभवों को भारतीय दृष्टिकोण से देखने की विशेष झलक मिलती है। शिखा के उपन्यास ” में स्काई डाइविंग से शुरू होने वाली कथा और इस दौरान हादसे के बाद नायिका का अपने पैरों पर खड़े होने का संघर्ष स्त्री के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रभावशाली रूपक बनकर उभरता है। जोशी ने प्रवासी साहित्य और भारत के रिश्ते को ‘गर्भनाल संबंध’ बताते हुए कहा कि दुनिया में घट रही घटनाओं और उनके भारत से जुड़ाव को समझने का सबसे विश्वसनीय माध्यम प्रवासी भारतीय हैं। वे विदेश की गतिविधियों और भारतीय दृष्टिकोण के बीच एक महत्वपूर्ण खिड़की का काम करते हैं। उन्होंने शिखा की व्यंग्यात्मक दृष्टि की सराहना करते हुए कहा कि उनमें व्यंग्य पर संपूर्ण उपन्यास लिखने की क्षमता है। कार्यक्रम का संचालन तितिक्षा शाह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वैश्विक हिंदी परिवार की ओर से किया गया। वातायन की संपादक शिखा सहित साहित्य, भाषा और संस्कृति से जुड़े अनेक लोगों की उपस्थिति ने इस आयोजन को सार्थक साहित्यिक विमर्श का रूप दिया।

Destination Spotlight

झारखंड पवेलियन में झारक्राफ्ट के पारंपरिक सिल्क कलेक्शन ने बटोरी सुर्खियां

IITF-2026 में तसर और मलबेरी सिल्क साड़ियों के साथ दुपट्टे व कॉटन उत्पादों की बढ़ी लोकप्रियता, आम ग्राहकों की बढ़ती संख्या से बिक्री को मिला प्रोत्साहन नई दिल्ली : भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन के झारक्राफ्ट और झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टॉल राज्य के पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और स्वदेशी उत्पादों की विविधता को लेकर चर्चा में हैं। दोनों स्टॉल पर खरीदारी के लिए पहुंच रहे आगंतुकों को झारखंड की पारंपरिक कला, बुनकरी और स्थानीय उत्पादों की विस्तृत रेंज आकर्षित कर रही है। झारक्राफ्ट के स्टॉल पर तसर और मलबेरी सिल्क की साड़ियों के साथ आकर्षक दुपट्टे एवं अन्य वस्त्र उत्पादों की विशेष मांग देखने को मिल रही है। वहीं, झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अपने खादी उत्पादों के विविध संग्रह के साथ आगंतुकों का ध्यान खींच रहा है। स्टॉल पर खादी से निर्मित जैकेट, शॉल, साड़ियां, पैंट और दुपट्टे उपलब्ध हैं। इसके अलावा, बोर्ड के शैंपू, फेसवॉश, हर्बल हेयर ऑयल और बॉडी लोशन जैसे व्यक्तिगत देखभाल से जुड़े उत्पाद भी लोगों की रुचि बढ़ा रहे हैं। झारक्राफ्ट के स्टॉल पर उपलब्ध,tusar, mulberry or banrasi सिल्क साड़ियों की कीमत ₹2,000 से ₹20,000 तक है। पारंपरिक बुनाई और आकर्षक डिजाइन वाली इन साड़ियों के साथ कॉटन बेडशीट, दुपट्टे और विभिन्न प्रकार के कपड़े भी ग्राहकों की पसंद बन रहे हैं। स्टॉल पर वस्त्र उत्पादों की विविधता और सिल्क की गुणवत्ता आगंतुकों को खरीदारी के लिए आकर्षित कर रही है। स्टॉल संचालक जायल ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार B2B कारोबार के दौरान बिक्री अपेक्षाकृत धीमी रही। हालांकि, आम जनता के लिए मेला खुलने के बाद स्टॉल पर आगंतुकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसका सकारात्मक असर बिक्री पर भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मेले के आगामी दिनों में ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही के साथ झारक्राफ्ट के उत्पादों की मांग और बिक्री में और इजाफा होगा। गौरतलब है कि झारक्राफ्ट झारखंड के पारंपरिक हथकरघा, रेशम उत्पादन और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय कारीगरों एवं बुनकरों को बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। IITF-2026 के जरिए इन उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने का अवसर मिल रहा है। इससे झारखंड की पारंपरिक कला, कौशल और स्थानीय उद्यमिता को व्यापक पहचान मिल रही है।

Destination Spotlight

बिहार के मखाने को मिल रही नई पहचान, ‘खाना मखाना’ बना विकास और विरासत की मिसाल

IITF के बिहार पवेलियन में युवा उद्यमियों की पहल बनी आकर्षण का केंद्र नई दिल्ली : भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) के बिहार पवेलियन में इस वर्ष ‘विकास और विरासत’ की थीम की जीवंत झलक देखने को मिल रही है। बिहार दुनिया में मखाने का सबसे बड़ा उत्पादक है, लेकिन लंबे समय तक असंगठित खेती, प्रसंस्करण और ब्रांडिंग की कमी के कारण यहां के मखाने को अपेक्षित बाजार और पहचान नहीं मिल पाई। हालांकि, बिहार सरकार के प्रयासों और युवा उद्यमियों की पहल से अब मखाने को देश-विदेश में नई पहचान मिल रही है। बिहार पवेलियन में लगा ‘खाना मखाना’ का स्टॉल इसी बदलाव की कहानी बयां कर रहा है। इस ब्रांड की नींव युवा उद्यमी नीलू तिवारी ने रखी है। इस पहल में हिमांशु तिवारी, अभिषेक उपाध्याय और रितेश भी उनका सहयोग कर रहे हैं। नीलू तिवारी ने महसूस किया कि बिहार में बड़े पैमाने पर मखाने का उत्पादन होने के बावजूद ब्रांडिंग और बेहतर प्रसंस्करण के अभाव में इसे बिहार की विशिष्ट पहचान नहीं मिल पा रही है। इसी सोच के साथ उन्होंने प्रसंस्कृत मखाने का ब्रांड ‘खाना मखाना’ शुरू किया। इसके तहत मखाने को आधुनिक तकनीक से प्रोसेस कर उसकी गुणवत्ता, स्वास्थ्य उपयोगिता और शेल्फ लाइफ बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। ब्रांड के उत्पाद सामान्य मखाने की तुलना में कुछ महंगे जरूर हैं, लेकिन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक उपभोक्ताओं के बीच इन्हें अच्छी पसंद मिल रही है। हिमांशु तिवारी ने बताया कि IITF के बिहार पवेलियन में उन्हें अच्छी बिक्री के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार से भी उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। उन्हें रूस से भी एक अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर प्राप्त हुआ है। युवा उद्यमियों की यह पहल न केवल बिहार के पारंपरिक कृषि उत्पाद को आधुनिक बाजार से जोड़ रही है, बल्कि स्थानीय उत्पादन को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। सरकारी प्रयासों, युवा सोच और उद्यमशीलता का यह संगम वास्तव में IITF की थीम ‘विकास और विरासत’ को सार्थक करता नजर आ रहा है।

Cultural Journeys

झारखंड के पलाश पवेलियन में घिचा, टसर और मधुबनी सिल्क की हस्तनिर्मित साड़ियां बनीं आकर्षण का केंद्र

विकास और विरासत की झलक पेश कर रहीं गोड्डा की महिला कारीगरों की पारंपरिक कलाकृतियां, घरों में तैयार हो रहे साड़ी, सूट और दुपट्टे नई दिल्ली : भारत मंडपम में आयोजित 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 के हॉल नंबर-1 स्थित झारखंड के पलाश पवेलियन में इस बार पारंपरिक हस्तनिर्मित साड़ियों की खूबसूरती लोगों को आकर्षित कर रही है। मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ को साकार करता पलाश पवेलियन झारखंड की समृद्ध पारंपरिक कला, बुनाई और महिला कारीगरों के हुनर को एक मंच प्रदान कर रहा है। यहां गोड्डा जिले की महिला कारीगरों द्वारा तैयार की गई मधुबनी सिल्क, घिचा और टसर की साड़ियां दर्शकों के बीच खास पसंद बन रही हैं। पलाश पवेलियन के स्टॉल नंबर 19 पर एकता आजीविका महिला मंडल से जुड़ी अनीता देवी और उनके समूह की महिलाएं अपने हाथों से तैयार की गई मधुबनी सिल्क साड़ियां, सूट, दुपट्टे और हैंडप्रिंटेड वस्त्र प्रदर्शित कर रही हैं। घरों में तैयार की जाने वाली इन साड़ियों की कीमत 2,000 से 7,000 रुपये तक है। पारंपरिक डिजाइन, आकर्षक रंगों और बारीक हस्तकला से सजी इन साड़ियों को मेले में आने वाले लोग खूब पसंद कर रहे हैं। महिलाएं न केवल इन वस्त्रों को तैयार करती हैं, बल्कि इन पर हैंड प्रिंटिंग और कटवर्क का काम भी स्वयं करती हैं। वहीं, स्टॉल नंबर 15 पर गोड्डा की ही त्रिजिला द्वारा तैयार की गई घिचा और टसर सिल्क की हस्तनिर्मित साड़ियां भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं। इन वस्त्रों की खासियत यह है कि इनकी निर्माण प्रक्रिया में पारंपरिक तरीके अपनाए जाते हैं। रेशम के कोकून से धागा निकालने से लेकर उसकी बुनाई और वस्त्र तैयार करने तक का काम कारीगरों के सामूहिक प्रयास से होता है। यह हुनर पीढ़ियों से परिवारों में आगे बढ़ता आ रहा है। साड़ियों के साथ यहां सिल्क सूट, दुपट्टे और अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद भी उपलब्ध हैं। इन महिला कारीगरों के लिए पलाश पवेलियन केवल अपने उत्पादों की बिक्री का माध्यम नहीं, बल्कि अपने पारंपरिक हुनर को देशभर के लोगों तक पहुंचाने का अवसर भी है। सरकारी सहयोग और बाजार से जुड़ने के अवसरों ने ग्रामीण महिलाओं को अपने काम को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद की है। इस तरह IITF 2026 में झारखंड का पलाश पवेलियन ‘विकास और विरासत’ की थीम को खूबसूरती से जोड़ रहा है। यहां एक ओर पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक बुनाई और हस्तकला की विरासत देखने को मिल रही है, वहीं दूसरी ओर इसी हुनर के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता और विकास की नई कहानी लिख रही हैं।

Scroll to Top