Hot News

August 2, 2026

Cultural Journeys

देहरादून बनेगा संवाद, समरसता और विश्व बंधुत्व का केंद्र

महावीरायतन फाउंडेशन की प्रेरणादायी राष्ट्रीय पहल “संवाद से समाधान” का भव्य आयोजन 4 अगस्त को देहरादून : समाज में बढ़ती वैचारिक चुनौतियों, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकात्मता तथा वैश्विक सद्भाव को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महावीरायतन फाउंडेशन की प्रेरणादायी राष्ट्रीय पहल “संवाद से समाधान” की अगली कड़ी का भव्य आयोजन 04 अगस्त 2026 को लोक भवन, देहरादून (उत्तराखण्ड) में आयोजित किया जाएगा। भगवान महावीर के शाश्वत सिद्धांतों से प्रेरित “संवाद से समाधान” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संवाद, सहअस्तित्व और मानवीय मूल्यों पर आधारित एक सशक्त राष्ट्रीय जन-अभियान है। “जियो और जीने दो” तथा “वसुधैव कुटुम्बकम्” के सार्वभौमिक संदेश से प्रेरित यह पहल “सशक्त भारत, समृद्ध भारत” के संकल्प को साकार करने हेतु समाज के विविध वर्गों को एक साझा मंच पर लाकर संवाद, सहयोग और सामूहिक चिंतन के माध्यम से समकालीन चुनौतियों के सकारात्मक एवं स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करती है। वर्ष 2025 से प्रारम्भ हुई “संवाद से समाधान” कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों में अनेक सफल आयोजन सम्पन्न हो चुके हैं। इस अभियान में भारत के उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष, विभिन्न राज्यों के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री, अनेक केंद्रीय मंत्री, सांसद, संत-महात्मा, शिक्षाविद, न्यायविद, उद्योगपति तथा देश-विदेश के प्रतिष्ठित अतिथियों ने सहभागिता की है। प्रत्येक आयोजन में समाज, राष्ट्र एवं मानवता के लिए उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित कर सेवा, समर्पण और लोककल्याण की भावना को प्रोत्साहित किया जाता है। महावीरायतन फाउंडेशन एक राष्ट्रीय सामाजिक, आध्यात्मिक एवं जनकल्याणकारी संस्था है, जो संवाद, सेवा और संस्कार के माध्यम से सामाजिक समरसता, मूल्यनिष्ठ शिक्षा, सांस्कृतिक जागरण, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण तथा राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्यरत है। महावीरायतन फाउंडेशन के संस्थापक श्रद्धेय स्वामी श्री देवेन्द्र ब्रह्मचारी जी पिछले दो दशकों से भगवान महावीर के शाश्वत सिद्धांतों के आलोक में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरण एवं मानवीय मूल्यों के संवर्धन हेतु समर्पित हैं। उनके प्रेरक नेतृत्व में अनेक जनकल्याणकारी अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन, नैतिक चेतना और जनभागीदारी को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। इस आयोजन को उत्तराखण्ड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) जी का मुख्य आतिथ्य प्राप्त होगा। आदरणीय श्री भगत सिंह कोश्यारी जी (पूर्व राज्यपाल, महाराष्ट्र एवं गोवा तथा पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि महन्त श्री लोकेश दास जी महाराज, पीठाधीश्वर, स्वामी जगन्नाथ आश्रम, ऋषिकेश का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। संत-महात्माओं, शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत, सामाजिक नेतृत्व, युवा प्रतिनिधियों तथा देश-विदेश के प्रबुद्ध जनों की सहभागिता से समृद्ध यह आयोजन विचार-मंथन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं सम्मान समारोह के माध्यम से संवाद, विश्वास, सद्भाव और सहअस्तित्व की संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। महावीरायतन फाउंडेशन का विश्वास है कि जब संवाद संस्कारों से जुड़ता है, तब समाधान केवल समाज का नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग बनता है। संस्था समाज के सभी वर्गों से इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी बनकर भगवान महावीर के शाश्वत संदेश— जियो और जीने दो • वसुधैव कुटुम्बकम् सशक्त भारत, समृद्ध भारत को जन-जन तक पहुँचाने तथा “एक भारत • समरस भारत • सशक्त भारत” के संकल्प को साकार करने का आह्वान करती है। महावीरायतन फाउंडेशन धर्म • समाज • राष्ट्र के उत्थान हेतु समर्पित

Cultural Journeys

श्री रामलीला महासंघ का रणबीर कपूर की मेगा बजट फिल्म रामायण के मेकर्स को चेतावनी

नई दिल्ली : श्री रामलीला महासंघ के प्रेसिडेंट श्री अर्जुन कुमार ने इस दिवाली पर देश विदेश में रिलीज हो रही रणबीर कपूर, सनी देओल यश स्टारर डायरेक्टर नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म रामायण के मेकर्स को एक पत्र लिखकर मांग की है फिल्म को सिनेमा घरों में रिलीज करने से पूर्व यह फिल्म श्री रामलीला महासंघ के प्रतिनिधि मंडल को दिखाई जाएं । नितेश तिवारी ओर फिल्म की प्रोडक्शन कम्पनी को लिखे पत्र में अर्जुन कुमार ने उन्हें याद दिलाया है कि इससे पूर्व भूषण कुमार की मेगा बजट प्रभास, सैफ अली खान स्टारर फिल्म आदिपुरुष के भी कई दृश्यों पर सनातनी और रामलीला मंचन से जुडे लोगों ने कड़ा एतराज जताया था इन दृश्यों में सोने की लंका को काला दिखाना, महाज्ञानी रावण को मंगोल लुटेरो और उनकी सेना को राक्षसों की सेना आदि कई दृश्य थे। जिसका नतीजा बाक्स आफिस पर फिल्म फ्लाप रही । अर्जुन कुमार ने पत्र में आगे कहा है कि हमें मिली अधिकृत जानकारी के अनुसार इस फिल्म में ऐसे कई दृश्य है जो देश विदेश में बसे हिन्दुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते है, ऐसे में श्री रामलीला महासंघ इस फिल्म को रिलीज से पूर्व विशेष शो में देखकर निश्चित करना चाहता है कि अगर फिल्म में ऐसा कोई विवादास्पद सीन अथवा संवाद है तो उसे रिलीज से पहले हटा दिया जाएं उन्होंने फिल्म के मेकर्स को चेतावनी दी है कि अगर ऐसा न किया गया तो दिल्ली सहित अन्य राज्यों के उन सिनेमाघरों के बाहर हिंदू संगठनों के साथ श्री रामलीला महासंघ के हजारों की संख्या में विरोध व धरना प्रदर्शन करेंगे।

Scroll to Top