Hot News

June 12, 2026

Bollywood Beats

‘उत्तर दा पुत्तर’ का टीज़र रिलीज़; दिशा और किस्मत की दिलचस्प कहानी का पहला झलक

फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ के निर्माताओं ने आज फिल्म का आधिकारिक टीज़र जारी कर दिया है, जो दर्शकों को एक ऐसी दुनिया की पहली झलक देता है जहाँ दिशा, किस्मत और रोज़मर्रा की ज़िंदगी अनोखे और अप्रत्याशित तरीके से आपस में टकराती हैं।  फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ का मूल भाव आस्था और तर्क के बीच संतुलन को दर्शाता है। यह फिल्म इस विचार को सामने लाती है कि जहां मान्यताएँ हमें मार्गदर्शन और सुकून देती हैं, वहीं असली बदलाव आत्मविश्वास और सही कदम उठाने से आता है। यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म का निर्माण संदीप कपूर और प्रिया कपूर ने प्रमोडोम मोशन पिक्चर्स के बैनर तले किया है। फिल्म की कहानी संदीप कपूर की है, जबकि लेखन और निर्देशन रविंदर सिवाच ने किया है। टीज़र फिल्म की दिलचस्प कहानी की झलक देता है, जो इस विश्वास पर आधारित है कि किसी व्यक्ति की किस्मत सिर्फ सही दिशा ढूंढ लेने से बदल सकती है। हास्य, पारिवारिक रिश्तों और हल्के-फुल्के रहस्य के साथ यह कहानी “सही उत्तर” की तलाश को केवल भौगोलिक दिशा से कहीं आगे ले जाती है। फिल्म में अनु कपूर, रुखसार रहमान, बृजेंद्र काला, पवन मल्होत्रा, इश्तियाक खान, जीवेशु अहलूवालिया, राजेंद्र सेठी, सुमित गुलाटी और नितिन अरोड़ा जैसे दमदार कलाकार शामिल हैं, जो इस अनोखी कहानी को जीवंत बनाते हैं। टीज़र में वास्तु और किस्मत जैसे विषयों के इर्द-गिर्द जिज्ञासा पैदा की गई है, वहीं इसका हल्का-फुल्का अंदाज़ फिल्म की खास पहचान को दर्शाता है। “Search For Right Direction Begins…” टैगलाइन के साथ ‘उत्तर दा पुत्तर’ दर्शकों को एक ऐसी यात्रा पर ले जाने के लिए तैयार है, जिसमें हंसी, सरप्राइज़ और कई दिलचस्प मोड़ देखने को मिलेंगे। फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्माता संदीप कपूर ने कहा, “उत्तर दा पुत्तर एक बेहद जुड़ी हुई कहानी है। हम में से कई लोग अपनी ज़िंदगी में कभी न कभी जवाब ढूंढने के लिए बाहर देखते हैं, कभी दिशाओं में तो कभी संकेतों में। यह फिल्म उसी विचार को मनोरंजक और दिलचस्प तरीके से पेश करती है। टीज़र सिर्फ उस मज़ेदार सफर की एक झलक है, जो दर्शकों का इंतज़ार कर रहा है।” प्रमोडोम मोशन पिक्चर्स, जिसने जुगाड़, अनारकली ऑफ आरा और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता भोन्सले जैसी कंटेंट-ड्रिवन फिल्मों का निर्माण किया है, ‘उत्तर दा पुत्तर’ के साथ एक बार फिर अलग और अनोखी कहानी दर्शकों के सामने लेकर आ रहा है। ‘उत्तर दा पुत्तर’ 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

Bollywood Beats

दिल्ली में आयोजित हुई पंजाबी फिल्म “कैरी ऑन जट्टा 4” का भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस

नई दिल्ली : बहुप्रतीक्षित पंजाबी कॉमेडी फिल्म “कैरी ऑन जट्टा 4” के प्रमोशन के तहत दिल्ली में एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस मौके पर फिल्म के प्रमुख कलाकार गिप्पी ग्रेवाल, सरगुन मेहता, बिन्नू ढिल्लों और पुखराज भल्ला मौजूद रहे। “कैरी ऑन जट्टा” पंजाबी सिनेमा की सबसे सफल कॉमेडी फ्रेंचाइजी में से एक रही है। इसके पहले तीन भागों की सफलता के बाद अब चौथा भाग दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। फिल्म के बारे में बात करते हुए गिप्पी ग्रेवाल ने बताया, “जब यह फिल्म मेरे पास आई, तो मुझे इसकी स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई। उस समय हमारे पास ज्यादा बजट नहीं था, इसलिए मैंने अपने दोस्तों की मदद से एक टीम बनाई और खुद इस फिल्म को प्रोड्यूस किया। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात रही कि फिल्म को दर्शकों ने इतना प्यार दिया, जिसके बाद हमने इसके दूसरे और तीसरे भाग बनाए, और अब चौथा भाग आपके सामने है।” उन्होंने आगे कहा कि चौथे भाग के दौरान टीम को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, खासकर उस समय जब फिल्म के अहम कलाकार भल्ला साहब का निधन हो गया। “हमें लगा कि अब यह फिल्म बन पाना मुश्किल है, क्योंकि उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। लेकिन बाद में एआई तकनीक की मदद से उन्हें फिल्म में शामिल करने का विचार आया। शुरुआत में हमें संदेह था, लेकिन जब हमारी टीम ने एक छोटा सा वीडियो बनाकर दिखाया, तो वह बेहद प्रभावशाली था। इसके बाद हमने भल्ला साहब के परिवार से अनुमति ली, और उनकी सहमति के बाद ही आगे बढ़े।” सरगुन मेहता ने कहा, “मैंने ‘कैरी ऑन जट्टा’ देखकर ही इस इंडस्ट्री में आने का सपना देखा था। आज इस फिल्म का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है।” बिन्नू ढिल्लों ने भावुक होते हुए कहा, “इस फिल्म में भल्ला साहब की बहुत याद आई। वह एक शानदार और उदार कलाकार थे। उन्होंने हमें कई यादगार पल दिए हैं। यह फिल्म पूरी तरह कॉमेडी से भरपूर है और दर्शकों को इस बार भी हंसी से लोटपोट कर देगी।” इस फिल्म के जरिए भल्ला साहब के बेटे पुखराज भल्ला भी अपने अभिनय करियर की शुरुआत कर रहे हैं, जो इस फिल्म का एक खास आकर्षण है। “कैरी ऑन जट्टा 4” 26 जून को पूरे भारत में रिलीज होने जा रही है।

Lifestyle & Glamour

21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में ‘खादी इंडिया’ ने लॉन्च किया ‘स्वधा’ वेलनेस वियर कलेक्शन।

खादी उत्कृष्टता केंद्र (CoEK) द्वारा विकसित ‘स्वधा‘ वेलनेस वियर कलेक्शन का शुभारंभ केवीआईसी अध्यक्ष श्री मनोज गोयल ने किया। केवीआईसी अध्यक्ष श्री मनोज गोयल ने कहा, “योग और खादी, दोनों भारतीय जीवन दर्शन तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रतीक हैं।” अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अध्यक्ष श्री मनोज गोयल ने शुक्रवार को ‘स्वधा’ (Svadha) नामक विशेष वेलनेस वियर कलेक्शन का शुभारंभ किया। खादी उत्कृष्टता केंद्र (CoEK) द्वारा विकसित यह कलेक्शन योग, स्वास्थ्य एवं संतुलित जीवनशैली की भारतीय अवधारणा को आधुनिक परिधान शैली के साथ जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है। शुभारंभ समारोह का आयोजन नई दिल्ली के हौज खास स्थित राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) परिसर में केवीआईसी के सहयोग से स्थापित खादी उत्कृष्टता केंद्र (CoEK) के मुख्य कार्यालय में किया गया। इस अवसर पर केवीआईसी अध्यक्ष श्री मनोज गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वर्ष 2014 में घोषित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को विश्वभर में मनाया जाता है। यह दिवस योग की उस प्राचीन भारतीय परंपरा का उत्सव है, जो शरीर, मन और आत्मा के मध्य सामंजस्य स्थापित कर समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देती है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए ‘स्वधा‘ वेलनेस वियर कलेक्शन तैयार किया गया है, जो योग और खादी जैसी भारत की दो महत्वपूर्ण विरासतों को एक सूत्र में पिरोता है। श्री गोयल ने कहा कि पूज्य बापू कि विरासत खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, स्वदेशी चेतना, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘स्वधा‘ वेलनेस वियर कलेक्शन योग और खादी जैसी भारत की दो महान परंपराओं का समन्वित स्वरूप प्रस्तुत करता है। उन्होंने बताया कि ‘स्वधा‘ शब्द अथर्ववेद से लिया गया है, जिसका अर्थ है सहजता, आराम और आत्मिक संतुष्टि। इसी भावना को आधार बनाकर तैयार किए गए इस कलेक्शन में सादगी, आराम और बहुउपयोगिता को प्राथमिकता दी गई है। यह कलेक्शन योगाभ्यास के साथ-साथ दैनिक जीवन के लिए भी उपयुक्त है तथा आधुनिक जीवनशैली की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इस कलेक्शन में नौ विशेष परिधान शैलियां शामिल हैं, जिन्हें सहज गतिशीलता और पूरे दिन आराम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। अधिकांश परिधान फ्री-साइज़ और जेंडर-न्यूट्रल हैं। इनमें प्रयुक्त खादी वस्त्र अपनी वायु पारगम्यता, हल्केपन, कोमलता और प्राकृतिक आराम के कारण वेलनेस वियर के रूप में विशेष रूप से उपयुक्त हैं। ‘स्वधा‘ कलेक्शन के निर्माण में देश की तीन प्रतिष्ठित खादी संस्थाओं- गांधीग्राम खादी एंड वी.आई. पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट (तमिलनाडु), पय्यानूर फिरका ग्रामोदय खादी संघ (केरल) तथा क्षेत्रीय पंजाब खादी मंडल (पंजाब)- द्वारा उत्पादित खादी का उपयोग किया गया है। केवीआईसी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल‘, ‘आत्मनिर्भर भारत‘ और ‘लोकल टू ग्लोबल‘ के विजन ने खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र को नई ऊर्जा और नई पहचान प्रदान की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र ने 1.87 लाख करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री कर नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देशभर के लाखों कारीगरों, बुनकरों, ग्रामीण उद्यमियों तथा खादी संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र ने अब 2.51 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह क्षेत्र विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगा। श्री गोयल ने यह भी बताया कि वर्तमान में खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र के माध्यम से देशभर में लगभग 2.04 करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध हो रहा है। उल्लेखनीय है कि खादी उत्कृष्टता केंद्र (CoEK) की स्थापना वर्ष 2021 में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग तथा राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) के सहयोग से की गई थी। यह केंद्र खादी क्षेत्र में डिजाइन, नवाचार, ब्रांड निर्माण तथा बाजारोन्मुखी हस्तक्षेपों के माध्यम से खादी को समकालीन स्वरूप प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रहा है। ‘स्वधा’ वेलनेस वियर कलेक्शन इसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो स्वास्थ्य, परंपरा और स्थायी जीवन मूल्यों को एक साथ लेकर चलती है।  इस अवसर पर केवीआईसी, सीओईके और निफ्ट के कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे।

Scroll to Top