Hot News

June 10, 2026

Bollywood Beats

कंगना रनौत ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का जताया आभार, ‘भारत भाग्य विधाता’ को किया टैक्स फ्री घोषित

नई दिल्ली : स्टारर फिल्म भारत भाग्य विधाता 12 जून को रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म की रिलीज़ से पहले कंगना अपनी टीम के साथ देशभर में यात्रा कर रही हैं, जहां वे उन असली नायकों को सम्मानित कर रही हैं जो संकट के समय चुपचाप देश की सेवा करते हैं। भुवनेश्वर और रायपुर के बाद यह अभियान दिल्ली पहुंचा, जहां फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इस मौके पर दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री भी मौजूद रहीं। कंगना और मुख्यमंत्री ने मिलकर दिल्ली के कई रियल-लाइफ हीरोज को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत भाग्य विधाता को दिल्ली में टैक्स फ्री घोषित करने का ऐलान किया। इस कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री और गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए, जिनमें अन्नपूर्णा देवी, गजेंद्र सिंह शेखावत, डॉ. राज भूषण चौधरी, प्रताप राव जाधव, गिरिराज सिंह और आशीष सूद प्रमुख रहे। इस अवसर पर कंगना रनौत ने कहा, “मैं हमारी फिल्म की पूरी टीम की ओर से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का दिल से धन्यवाद करती हूं। उन्होंने दिल्ली के विकास और प्रशासन में जो परिवर्तन किए हैं, वह सराहनीय हैं। जब मैंने उन्हें इस स्क्रीनिंग के लिए आमंत्रित किया, तो उन्होंने तुरंत हामी भर दी, जिसके लिए मैं सदैव आभारी रहूंगी।” वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कंगना की सराहना करते हुए कहा, “कंगना रनौत संसद में एक मजबूत आवाज हैं, जो सिनेमा और देश के लोगों के लिए लगातार संघर्ष करती हैं। उनकी फिल्म यह संदेश देती है कि देशभक्ति केवल वर्दीधारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर नागरिक के भीतर होती है।” इस विशेष पहल के तहत फिल्म की टीम देशभर में अलग-अलग शहरों में स्क्रीनिंग आयोजित कर रही है, जहां पुलिसकर्मी, नर्स, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारी, सुरक्षा गार्ड और अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स को आमंत्रित कर सम्मानित किया जा रहा है। दिल्ली में भी कई अनदेखे नायकों—निशी पाठक, पुष्पा, सुमन, मेनका, नम्रता यादव, नीति शर्मा, बीके खुराना और शशि लाल—को ‘भारत भाग्य विधाता’ बैज देकर सम्मानित किया गया। फिल्म को डॉ. जयंतीलाल गड़ा (पेन स्टूडियोज) द्वारा प्रस्तुत किया गया है और इसे पेन स्टूडियोज, मणिकर्णिका फिल्म्स और परमहंस क्रिएशंस ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

Bollywood Beats

अटारी बॉर्डर पर ‘मैं वापस आऊंगा’ ने रचा इतिहास

ए.आर. रहमान और इम्तियाज़ अली ने दी देश के वीरों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ ने आज एक ऐतिहासिक पल दर्ज किया, जब इसके संगीतकार पद्म भूषण सम्मानित, ऑस्कर और ग्रैमी विजेता ए.आर. रहमान ने पहली बार प्रतिष्ठित अटारी बॉर्डर पोस्ट पर लाइव परफॉर्मेंस दी। यह प्रस्तुति देश के बहादुर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों को समर्पित थी। प्रसिद्ध बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के दौरान आयोजित ‘जय हो – ए म्यूज़िकल सैल्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स’ कार्यक्रम में हजारों दर्शक JCP स्टेडियम में जुटे। देशभक्ति, गर्व और कृतज्ञता के भाव से सराबोर यह माहौल बेहद भावुक और ऊर्जा से भरपूर रहा। स्टेडियम में गूंजती तालियों और जयकारों ने इस आयोजन को एक ऐतिहासिक क्षण बना दिया।  अटारी बॉर्डर पर इस आयोजन का फिल्म से विशेष संबंध भी है। ‘मैं वापस आऊंगा’ भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक कहानी है, जो उस दौर के लोगों की यादों और अनुभवों से प्रेरित है। यह कहानी बिछड़े रिश्तों, अधूरी मोहब्बत और दिलों में बसे दर्द को दर्शाती है। कार्यक्रम की शुरुआत निर्देशक इम्तियाज़ अली, बिरला स्टूडियोज़ की अनन्या बिरला, अभिनेता वेदांग रैना और विंडो सीट फिल्म्स के निर्माता मोहित चौधरी ने दर्शकों का स्वागत कर और BSF के जवानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए की। फिल्म के निर्माताओं ने अपने आगामी म्यूज़िक एल्बम को भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को समर्पित किया। संगीतमय शाम की शुरुआत ए.आर. रहमान के मधुर गीत ‘चंदा सूरज लाखों तारे’ से हुई। इसके बाद फिल्म के गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को और जीवंत बना दिया। ‘मस्कारा’ गीत को नीलांजना घोष और वेदांग रैना ने प्रस्तुत किया, जबकि ‘इश्क मस्ताना’ को मोहित चौहान, पूजा तिवारी और नरगिस ने अपनी आवाज़ दी। कार्यक्रम का समापन रहमान के प्रसिद्ध गीत ‘मां तुझे सलाम’ के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। इस मौके पर इम्तियाज़ अली ने कहा, “यह एक अनोखा और यादगार क्षण है। अटारी गेट पर ए.आर. रहमान की प्रस्तुति हमारे राष्ट्रीय जज़्बे, BSF और भारतीय सेना के जवानों के सम्मान और एकता के प्रतीक के रूप में है। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि इस आयोजन का हिस्सा हूं। ‘मैं वापस आऊंगा’ जैसी फिल्म, जो 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि से जन्मी है, हमें याद दिलाती है कि उस समय सिर्फ घर और ज़िंदगियां ही नहीं, बल्कि दिल भी टूटे थे। हम इस फिल्म के जरिए प्यार का संदेश लेकर आए हैं, क्योंकि अंत में वही हमें जोड़कर रखता है।” इम्तियाज़ अली की भावनात्मक दुनिया में रची-बसी इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं। बिरला स्टूडियोज़, अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स द्वारा निर्मित यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म का संगीत टिप्स म्यूज़िक पर उपलब्ध होगा।

Bollywood Beats

दिल्ली में आयोजित हुआ अभिनेता असरानी की आखिरी फिल्म “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” का प्रेस कॉन्फ्रेंस

नई दिल्ली : बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” का भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस राजधानी दिल्ली के फिल्म डिवीजन में आयोजित किया गया। यह फिल्म दिग्गज अभिनेता असरानी की आखिरी फिल्मों में से एक मानी जा रही है, जिसके चलते इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों और फिल्म प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस मौके पर अभिनेता मुश्ताक खान, निर्देशक राकेश सावंत और निर्माता भंवर सिंह पुंडीर उपस्थित रहे और उन्होंने मीडिया के साथ फिल्म से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव साझा किए। फिल्म में मिलिंद गुणाजी, जरीना वहाब, मुश्ताक खान सहित कई अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राकेश सावंत ने किया है, जबकि इसे श्वेता चौहान, भंवर सिंह पुंडीर और राकेश सावंत ने प्रोड्यूस किया है। इससे पहले मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राखी सावंत ने असरानी जी को श्रद्धांजलि देते हुए फिल्म शोले के उनके आइकॉनिक जेलर किरदार पर एक विशेष प्रस्तुति दी थी, जिसने सभी को भावुक कर दिया था। दिल्ली प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान निर्देशक राकेश सावंत ने बताया कि जब असरानी जी को फिल्म का शीर्षक “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” बताया गया, तो वे बेहद खुश हुए और उन्होंने फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद दिया। फिल्म की कहानी एक रोमांचक मर्डर मिस्ट्री थ्रिलर पर आधारित है, जिसमें ठाकुर विश्वजीत सिंह और सवातेई परिवार के बीच का विवाद खौफनाक अपराध और चौंकाने वाले खुलासों में बदल जाता है। इस रहस्य की जांच इंस्पेक्टर देव और इंस्पेक्टर राणा करते हैं, जो दर्शकों को सस्पेंस, ड्रामा, रोमांस और एक्शन से भरपूर यात्रा पर ले जाते हैं। उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में शूट की गई यह फिल्म शानदार विजुअल्स, भावनात्मक कहानी और मधुर संगीत का बेहतरीन संगम प्रस्तुत करती है। निर्देशक राकेश सावंत ने कहा, “यह फिल्म हमारे लिए बेहद खास और भावुक है क्योंकि इसमें असरानी जी की यादगार परफॉर्मेंस जुड़ी हुई है। हमने दर्शकों को एक सम्पूर्ण मनोरंजन देने की कोशिश की है।” निर्माता भंवर सिंह पुंडीर ने कहा, “ट्रेलर को मिला शानदार रिस्पॉन्स हमारे लिए गर्व की बात है। यह फिल्म असरानी जी के योगदान को समर्पित है और दर्शकों को एक बेहतरीन थ्रिलर अनुभव देगी।” जया फिल्म्स और गजानन मोशन मूवीज के बैनर तले बनी इस फिल्म में असरानी, मिलिंद गुणाजी, जरीना वहाब, रक्षा गुप्ता, मुस्कान वर्मा, विष्णु शर्मा, अभिनव चौहान और मुश्ताक खान प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Scroll to Top