Hot News

नशा मुक्त भारत अभियान के पांच वर्ष पूर्ण, त्रिपुरा-नागालैंड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नई दिल्ली/अगरतला/कोहिमा : नशा मुक्त भारत अभियान के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर-पूर्व के राज्यों त्रिपुरा और नागालैंड में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के मार्गदर्शन में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों द्वारा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सामूहिक रूप से सुना तथा “नशा मुक्त मित्र” की शपथ लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

त्रिपुरा के दक्षिण त्रिपुरा जिले में स्वामी रामानंद शास्त्री वेलफेयर ट्रस्ट, नागालैंड के त्सेमिन्यु जिले में जनकल्याणकारी योजना प्रचार-प्रसार अभियान तथा कोहिमा जिले में सेंट जॉन्स यूथ फाउंडेशन द्वारा अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें उन्होंने नशामुक्त समाज के संदेश को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।

त्रिपुरा में परियोजना समन्वयक दीपांकर दास तथा नागालैंड में फिलिप के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। वहीं, दिल्ली से इन राज्यों में अभियान का संचालन कर रहे अध्यक्ष पुशेष आत्रेय स्वयं कार्यक्रमों में उपस्थित रहे और नशा मुक्ति के प्रति जनभागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पुशेष आत्रेय ने कहा कि देश के सीमावर्ती एवं सुदूर दुर्गम जिलों में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं और बच्चों की सहभागिता से ही नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

Scroll to Top