नई दिल्ली : राजधानी में अमायरा डांस अकैडमी द्वारा एक भव्य सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल के रूप में आचार्या कल्पना, रजनी राव और शफीता खान उपस्थित रहीं।

प्रतियोगिता में विशेष रूप से छोटे बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए विजेताओं को ट्रॉफी एवं अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन अमायरा डांस अकैडमी की ऑनर मिस्टी आनंद के नेतृत्व में किया गया। उनके कुशल प्रबंधन और समर्पण के चलते आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित एवं आकर्षक रहा।

मिस्टी आनंद ने इस अवसर पर कहा कि उनका उद्देश्य कथक एवं भारतीय नृत्य कला को प्रोत्साहित करना और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। वे पारंपरिक और आधुनिक नृत्य शैलियों के समन्वय के माध्यम से भारतीय संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।










