Hot News

November 20, 2026

Destination Spotlight

IITF 2026 में बिहार दिवस की धूम, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन

सुप्रसिद्ध लोक गायिका डॉ. नीतू कुमारी नवगीत,रंजना झा,और रिया सिंह ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। *भारत मंडपम में बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं की दिखी झलक* नई दिल्ली :  45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 के अवसर पर भारत मंडपम, नई दिल्ली में बिहार सरकार के उद्योग विभाग द्वारा बिहार दिवस का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और कलात्मक विविधता की आकर्षक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त श्री मनोज कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया l इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे l भारत मंडपम के ओपन एयर एम्फीथिएटर-1 में आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की थीम “बिहार दिवस : अपनी जड़ों का उत्सव, अपनी विरासत को नमन” रही। कार्यक्रम में संगीत और लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोक गायिका डॉ. नीतू कुमारी नवगीत, रंजना झा, और गायिका रिया सिंह ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। वहीं नालंदा संगीत कला विकास संस्थान और रंग सेतु के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। बिहार दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका नीतू कुमारी नवगीत ने में कई पारंपरिक लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। बिहार की गौरव की गाथा सुनाते हुए उन्होंने गाया- बुद्ध और महावीर ने यहीं लिया अवतार, ये है मेरा बिहार, ये है मेरा बिहार… जिस पर दर्शक झूम उठे । इस दौरान डॉ. नीतू कुमारी नवगीत ने बिहार के पारंपरिक छठ पर्व पर आधारित छठ गीत और अपने कई लोकप्रिय गीत की प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं, गायिका रिया सिंह ने प्रसिद्ध गीत ‘ऐ राजाजी’ से माहौल को संगीतमय बना दिया। । नालंदा संगीत कला विकास संस्थान के कलाकारों द्वारा महका महका सोंधी-सोंधी माटी का बिहार है गीत पर शानदार लोक नृत्य पेश किया गया। बिहार की लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और कला के विविध रंगों से सजे इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक और मेले में आए आगंतुक उपस्थित रहे। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बिहार की सांस्कृतिक समृद्धि और लोक परंपराओं से रूबरू कराया। 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में बिहार की भागीदारी का उद्देश्य राज्य की औद्योगिक क्षमता, हस्तशिल्प, उद्यमिता, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर व्यापक पहचान दिलाना है। बिहार दिवस जैसे आयोजन इस उद्देश्य को और मजबूती प्रदान करते हैं। बिहार सरकार का उद्योग विभाग राज्य की गौरवशाली विरासत के साथ-साथ आधुनिक विकास, उद्यमिता और नई संभावनाओं को भी देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ बिहार दिवस समारोह का समापन हुआ। इस आयोजन ने भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में आए आगंतुकों को बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति और गौरवशाली विरासत से जुड़ने का यादगार अवसर प्रदान किया।

Destination Spotlight

खनिज आधारित उद्योगों, निवेश और रोजगार की संभावनाओं को प्रदर्शित कर रहा झारखंड

नई दिल्ली : भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन के माध्यम से खान एवं भूविज्ञान विभाग, झारखंड सरकार द्वारा राज्य की समृद्ध खनिज संपदा और खनन क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। झारखंड को देश की ‘मिनरल कैपिटल’ के रूप में विशिष्ट पहचान प्राप्त है। इसी पहचान को दर्शाते हुए पवेलियन में लौह अयस्क, कोयला, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम, बॉक्साइट, चूना पत्थर, ग्रेनाइट और विभिन्न प्रकार के पत्थरों सहित राज्य के प्रमुख खनिजों का विस्तृत प्रदर्शन किया गया है। खान एवं भूविज्ञान विभाग राज्य की प्राकृतिक संपदा, खनन क्षेत्र की संभावनाओं और देश की औद्योगिक प्रगति में झारखंड के योगदान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है। झारखंड देश का पहला राज्य है, जिसने माइनिंग टूरिज्म की अनूठी पहल शुरू की है। इस पहल के माध्यम से पर्यटकों को सक्रिय कोयला खदानों का भ्रमण कर खनन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों के संचालन और देश की अर्थव्यवस्था में खनन क्षेत्र के योगदान को करीब से देखने एवं समझने का रोमांचक अनुभव प्रदान किया जा रहा है। खनिज संपदा में बॉक्साइट का विशेष महत्व है, जो एल्युमिनियम उत्पादन का प्रमुख कच्चा माल है। इसका उपयोग परिवहन, निर्माण, विद्युत उपकरण और एयरोस्पेस उद्योगों में किया जाता है। वहीं, बेरिलियम जैसे रणनीतिक खनिज का उपयोग अपनी हल्की प्रकृति, मजबूती और ताप प्रतिरोधक क्षमता के कारण रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स और एयरोस्पेस क्षेत्र में होता है। लिथियम आधुनिक ऊर्जा क्षेत्र का महत्वपूर्ण खनिज है, जिसका उपयोग इलेक्ट्रिक वाहनों, मोबाइल फोन और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों की रिचार्जेबल बैटरियों के निर्माण में किया जाता है। इसके अतिरिक्त, यूरेनियम परमाणु ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख ईंधन है और देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इन खनिजों की उपयोगिता ऊर्जा सुरक्षा, आधारभूत संरचना, विनिर्माण, आधुनिक तकनीक और रक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक विस्तृत है। IITF-2026 के माध्यम से खान एवं भूतत्व विभाग, झारखंड सरकार राज्य की खनिज संपदा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के साथ खनिज आधारित उद्योगों में निवेश, मूल्य संवर्धन, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को भी रेखांकित कर रहा है।

Scroll to Top