Hot News

November 10, 2026

Destination Spotlight

दिल्ली में यमुना रिवर क्रूज सेवा का शुभारंभ, नदी पर्यटन को मिला नया आयाम

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में किया उद्घाटन सोनिया विहार से जगतपुर तक 30 सीटों वाली इलेक्ट्रिक क्रूज सेवा शुरू यमुना के इतिहास, पौराणिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएगा भव्य लाइट एंड साउंड शो “यमुना क्रूज दिल्ली में नदी पर्यटन की नई लहर का संकेत है” : सर्बानंद सोनोवाल “दिल्ली के रिवरफ्रंट को आकर्षक सार्वजनिक गंतव्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं” : रेखा गुप्ता नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नदी आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए यमुना नदी पर पहली मनोरंजक क्रूज सेवा का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में सोनिया विहार में इस परियोजना का उद्घाटन किया। सोनिया विहार से जगतपुर के बीच विकसित यह परियोजना यमुना नदी की पर्यटन और मनोरंजन संबंधी संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसके माध्यम से दिल्लीवासियों और पर्यटकों को राजधानी को एक नए नजरिए से देखने का अवसर मिलेगा। यह पहल देश की नदियों को पर्यटन, यात्री परिवहन और आर्थिक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, पर्यावरण एवं उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, सांसद मनोज तिवारी समेत केंद्र और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की नदियां आर्थिक विकास, पर्यटन और सतत परिवहन के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में उभर रही हैं। उन्होंने कहा, “दिल्ली में यमुना पर शुरू की गई यह पहली मनोरंजक क्रूज सेवा लोगों को अपनी नदियों से जोड़ने और उनकी विशाल संभावनाओं को सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना दिल्ली में नदी पर्यटन की नई लहर का संकेत है। हम जलमार्गों को पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों में बदल रहे हैं और स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा दे रहे हैं।” 30 यात्रियों की क्षमता वाली इलेक्ट्रिक क्रूज परियोजना के तहत 30 सीटों वाली इलेक्ट्रिक क्रूज सेवा शुरू की गई है, जो लगभग छह किलोमीटर के राउंड ट्रिप मार्ग पर संचालित होगी। यह क्रूज यात्रियों को यमुना के प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेने का अवसर प्रदान करेगी। इलेक्ट्रिक तकनीक आधारित यह सेवा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना दिल्ली के पर्यटन मानचित्र पर एक नया अध्याय जोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा, “यमुना दिल्ली के इतिहास, संस्कृति और पहचान का अभिन्न हिस्सा है। यह क्रूज सेवा लोगों को नदी से जोड़ने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी पैदा करेगी। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली के रिवरफ्रंट को बेहतर सुविधाओं, आधुनिक आधारभूत ढांचे और सांस्कृतिक अनुभवों के साथ विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित होगा क्षेत्र यमुना रिवरफ्रंट परियोजना को एक व्यापक इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी विशेषताओं में एक संगीतमय फाउंटेन और अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो शामिल है। इस शो में यमुना नदी के इतिहास, आध्यात्मिक महत्व और पौराणिक कथाओं को प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदर्शन में सूर्य देव, यमराज और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी कथाओं के साथ प्रसिद्ध कालिय नाग दमन लीला को भी दर्शाया जाएगा। इसके माध्यम से आगंतुकों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया जाएगा। पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं परियोजना के अंतर्गत फूड कोर्ट, शॉपिंग ज़ोन, बच्चों के लिए प्ले एरिया तथा स्केटिंग और रॉक क्लाइम्बिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आधुनिक फ्लोटिंग जेट्टी, टिकट काउंटर, ऑनलाइन बुकिंग सुविधा, प्रतीक्षालय, शौचालय और रोशनी से सुसज्जित मार्ग भी विकसित किए गए हैं। राष्ट्रीय जलमार्ग-110 का हिस्सा है यमुना राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है। क्रूज सेवा की शुरुआत राष्ट्रीय राजधानी में नदी आधारित पर्यटन और मनोरंजक नौवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। जलमार्गों का बढ़ता महत्व देश में अंतर्देशीय जलमार्गों के विकास का दायरा लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2013-14 में जहां राष्ट्रीय जलमार्गों पर केवल 18 मिलियन मीट्रिक टन माल ढुलाई होती थी, वहीं 2025-26 तक यह बढ़कर 218 मिलियन मीट्रिक टन पहुंच गई है। जलमार्गों के माध्यम से माल परिवहन अन्य साधनों की तुलना में अधिक किफायती माना जाता है। क्रूज पर्यटन को भी मिल रहा बढ़ावा भारत में नदी क्रूज पर्यटन तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। वर्ष 2013-14 में जहां केवल पांच नदी क्रूज संचालित होते थे, वहीं 2025-26 तक इनकी संख्या बढ़कर 26 हो चुकी है। दुनिया के सबसे लंबे नदी क्रूज के रूप में प्रसिद्ध ‘एमवी गंगा विलास’ इस क्षेत्र की उपलब्धियों का प्रमुख उदाहरण है। कई एजेंसियों के सहयोग से तैयार हुई परियोजना यमुना रिक्रिएशनल क्रूज सेवा का विकास भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) द्वारा पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के तहत किया गया है। इस परियोजना में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम, दिल्ली जल बोर्ड तथा दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने भी सहयोग किया है। यह परियोजना दिल्ली में नदी पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत को एक साथ जोड़ते हुए राजधानी को एक नया पर्यटन आकर्षण प्रदान करेगी।

Destination Spotlight

यमुना की लहरों पर रोमांच का नया सूर्याेदय : दिल्ली में क्रूज के साथ दिखा कायकिंग और कैनोइंग का संगम

कौशल कुमार सोनिया विहार में खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर, यमुना बनी खेल और पर्यटन का नया केंद्र नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में यमुना नदी अब सिर्फ एक जलधारा नहीं, बल्कि रोमांच, पर्यटन और खेल संस्कृति का नया केंद्र बनकर उभर रही है। ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ के शुभारंभ के साथ मंगलवार को यमुना के किनारों पर एक नया अध्याय जुड़ गया, जहां एक ओर आधुनिक क्रूज ने पर्यटकों को आकर्षित किया तो दूसरी ओर सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब के राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने कायकिंग, कैनोइंग और पैडलिंग के शानदार प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया। यमुना की शांत लहरों पर रंग-बिरंगी कायक और कैनो नौकाओं में सवार खिलाड़ियों ने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन किया। पैडलिंग की ताल और खिलाड़ियों के आत्मविश्वास ने यह संदेश दिया कि दिल्ली की यमुना अब केवल पर्यटन ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के जल खेलों की भी संभावनाओं से भरपूर है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं क्रूज की पहली यात्रा कर परियोजना का शुभारंभ किया। उनके साथ केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। लगभग 40 मिनट की इस रिवर सफारी ने यमुना के प्राकृतिक सौंदर्य को एक नए नज़रिए से देखने का अवसर प्रदान किया। लेकिन समारोह का सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला जब सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों ने पानी पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। युवा खिलाड़ियों ने कायकिंग और कैनोइंग की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। उपस्थित लोगों ने इसे दिल्ली में जल खेलों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत बताया। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यमुना के इस हिस्से में नियमित रूप से वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, तो यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजधानी में एडवेंचर टूरिज्म का नया केंद्र बन सकता है। इससे न केवल खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि युवाओं में जल खेलों के प्रति रुचि भी बढ़ेगी। क्रूज सेवा के साथ जल खेलों का यह अनोखा संगम यमुना को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पर्यटक अब एक ही स्थान पर रिवर क्रूज का आनंद लेने के साथ-साथ कायकिंग, कैनोइंग और अन्य रोमांचक जल गतिविधियों को करीब से देख सकेंगे। यमुना के किनारे शुरू हुई यह नई पहल दिल्लीवासियों के लिए केवल एक मनोरंजन परियोजना नहीं, बल्कि नदी, खेल और पर्यटन को जोड़ने वाला एक प्रेरणादायक मॉडल बन सकती है। आने वाले दिनों में यदि ऐसी गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित होती हैं, तो यमुना का यह इलाका राजधानी के सबसे लोकप्रिय पर्यटन एवं स्पोर्ट्स हब के रूप में उभर सकता है।

Scroll to Top