Hot News

बिहार के मखाने को मिल रही नई पहचान, ‘खाना मखाना’ बना विकास और विरासत की मिसाल

  • IITF के बिहार पवेलियन में युवा उद्यमियों की पहल बनी आकर्षण का केंद्र

नई दिल्ली : भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) के बिहार पवेलियन में इस वर्ष ‘विकास और विरासत’ की थीम की जीवंत झलक देखने को मिल रही है। बिहार दुनिया में मखाने का सबसे बड़ा उत्पादक है, लेकिन लंबे समय तक असंगठित खेती, प्रसंस्करण और ब्रांडिंग की कमी के कारण यहां के मखाने को अपेक्षित बाजार और पहचान नहीं मिल पाई। हालांकि, बिहार सरकार के प्रयासों और युवा उद्यमियों की पहल से अब मखाने को देश-विदेश में नई पहचान मिल रही है।

बिहार पवेलियन में लगा ‘खाना मखाना’ का स्टॉल इसी बदलाव की कहानी बयां कर रहा है। इस ब्रांड की नींव युवा उद्यमी नीलू तिवारी ने रखी है। इस पहल में हिमांशु तिवारी, अभिषेक उपाध्याय और रितेश भी उनका सहयोग कर रहे हैं।

नीलू तिवारी ने महसूस किया कि बिहार में बड़े पैमाने पर मखाने का उत्पादन होने के बावजूद ब्रांडिंग और बेहतर प्रसंस्करण के अभाव में इसे बिहार की विशिष्ट पहचान नहीं मिल पा रही है। इसी सोच के साथ उन्होंने प्रसंस्कृत मखाने का ब्रांड ‘खाना मखाना’ शुरू किया। इसके तहत मखाने को आधुनिक तकनीक से प्रोसेस कर उसकी गुणवत्ता, स्वास्थ्य उपयोगिता और शेल्फ लाइफ बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

ब्रांड के उत्पाद सामान्य मखाने की तुलना में कुछ महंगे जरूर हैं, लेकिन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक उपभोक्ताओं के बीच इन्हें अच्छी पसंद मिल रही है।

हिमांशु तिवारी ने बताया कि IITF के बिहार पवेलियन में उन्हें अच्छी बिक्री के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार से भी उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। उन्हें रूस से भी एक अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर प्राप्त हुआ है।

युवा उद्यमियों की यह पहल न केवल बिहार के पारंपरिक कृषि उत्पाद को आधुनिक बाजार से जोड़ रही है, बल्कि स्थानीय उत्पादन को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। सरकारी प्रयासों, युवा सोच और उद्यमशीलता का यह संगम वास्तव में IITF की थीम ‘विकास और विरासत’ को सार्थक करता नजर आ रहा है।

Scroll to Top