Hot News

यमुना की लहरों पर रोमांच का नया सूर्याेदय : दिल्ली में क्रूज के साथ दिखा कायकिंग और कैनोइंग का संगम

  • कौशल कुमार

सोनिया विहार में खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर, यमुना बनी खेल और पर्यटन का नया केंद्र

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में यमुना नदी अब सिर्फ एक जलधारा नहीं, बल्कि रोमांच, पर्यटन और खेल संस्कृति का नया केंद्र बनकर उभर रही है। ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ के शुभारंभ के साथ मंगलवार को यमुना के किनारों पर एक नया अध्याय जुड़ गया, जहां एक ओर आधुनिक क्रूज ने पर्यटकों को आकर्षित किया तो दूसरी ओर सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब के राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने कायकिंग, कैनोइंग और पैडलिंग के शानदार प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया।

यमुना की शांत लहरों पर रंग-बिरंगी कायक और कैनो नौकाओं में सवार खिलाड़ियों ने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन किया। पैडलिंग की ताल और खिलाड़ियों के आत्मविश्वास ने यह संदेश दिया कि दिल्ली की यमुना अब केवल पर्यटन ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के जल खेलों की भी संभावनाओं से भरपूर है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं क्रूज की पहली यात्रा कर परियोजना का शुभारंभ किया। उनके साथ केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। लगभग 40 मिनट की इस रिवर सफारी ने यमुना के प्राकृतिक सौंदर्य को एक नए नज़रिए से देखने का अवसर प्रदान किया।

लेकिन समारोह का सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला जब सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों ने पानी पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। युवा खिलाड़ियों ने कायकिंग और कैनोइंग की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। उपस्थित लोगों ने इसे दिल्ली में जल खेलों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत बताया।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यमुना के इस हिस्से में नियमित रूप से वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, तो यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजधानी में एडवेंचर टूरिज्म का नया केंद्र बन सकता है। इससे न केवल खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि युवाओं में जल खेलों के प्रति रुचि भी बढ़ेगी।

क्रूज सेवा के साथ जल खेलों का यह अनोखा संगम यमुना को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पर्यटक अब एक ही स्थान पर रिवर क्रूज का आनंद लेने के साथ-साथ कायकिंग, कैनोइंग और अन्य रोमांचक जल गतिविधियों को करीब से देख सकेंगे।

यमुना के किनारे शुरू हुई यह नई पहल दिल्लीवासियों के लिए केवल एक मनोरंजन परियोजना नहीं, बल्कि नदी, खेल और पर्यटन को जोड़ने वाला एक प्रेरणादायक मॉडल बन सकती है। आने वाले दिनों में यदि ऐसी गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित होती हैं, तो यमुना का यह इलाका राजधानी के सबसे लोकप्रिय पर्यटन एवं स्पोर्ट्स हब के रूप में उभर सकता है।

Scroll to Top