- तमिलनाडु, पंजाब, MSME मंत्रालय, पंजाब नेशनल बैंक और तुर्किये ने जीते स्वर्ण पुरस्कार
- ITPO अध्यक्ष जावेद अशरफ ने बढ़ती जनभागीदारी, स्टार्टअप नवाचारों और विश्वस्तरीय सुविधाओं को बताया मेले की बड़ी उपलब्धि
नई दिल्ली। भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आज नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF 2026) के पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न श्रेणियों के उत्कृष्ट प्रतिभागियों और प्रदर्शकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ITPO के अध्यक्ष श्री जावेद अशरफ ने मेले की उल्लेखनीय उपलब्धियों, बढ़ती जनभागीदारी, नई पहल और बेहतर सुविधाओं पर प्रकाश डालते हुए सभी राज्यों, मंत्रालयों, सार्वजनिक उपक्रमों, निजी संस्थानों और अन्य हितधारकों के योगदान की सराहना की।
विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मिला सम्मान
IITF 2026 के दौरान राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों, थीम आधारित प्रस्तुतियों, मंत्रालयों और सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों एवं बैंकों, कमोडिटी बोर्डों, जनसंपर्क एवं आउटरीच, “एम्पावरिंग इंडिया”, विदेशी प्रतिभागियों, फूड स्टॉल, वेंडिंग पॉइंट और निजी क्षेत्र की श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। यह सम्मान भारत की विकास यात्रा, नवाचार, उत्पादों, सेवाओं और सांस्कृतिक विविधता को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने वाले प्रतिभागियों को दिया गया।
राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में तमिलनाडु अव्वल
राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की श्रेणी में तमिलनाडु ने स्वर्ण पुरस्कार प्राप्त किया। केरल को रजत तथा मध्य प्रदेश को कांस्य पुरस्कार मिला। त्रिपुरा को प्रशस्ति सम्मान प्रदान किया गया।
थीम आधारित प्रस्तुति श्रेणी में पंजाब ने स्वर्ण, ओडिशा ने रजत, कर्नाटक ने कांस्य पुरस्कार जीता, जबकि गुजरात को प्रशस्ति सम्मान मिला।
इस वर्ष बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश साझेदार राज्य (Partner States) रहे, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस राज्य (Focus States) के रूप में शामिल हुए।
MSME मंत्रालय और पंजाब नेशनल बैंक रहे अपने-अपने वर्ग में सर्वश्रेष्ठ
मंत्रालय एवं सरकारी विभाग श्रेणी में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) ने स्वर्ण पुरस्कार हासिल किया। रेल मंत्रालय को रजत तथा वस्त्र मंत्रालय को कांस्य पुरस्कार प्रदान किया गया। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP)-DPIIT को प्रशस्ति सम्मान मिला।
सार्वजनिक उपक्रम एवं सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSUs & PSBs) श्रेणी में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने स्वर्ण, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने रजत तथा गुजरात स्टेट हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने कांस्य पुरस्कार प्राप्त किया। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) को प्रशस्ति सम्मान दिया गया।
कमोडिटी बोर्ड और जनसंपर्क श्रेणी में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
कमोडिटी बोर्ड श्रेणी में कॉयर बोर्ड ने स्वर्ण पुरस्कार जीता। टी बोर्ड इंडिया को रजत, कोकोनट डेवलपमेंट बोर्ड को कांस्य तथा नेशनल जूट बोर्ड को प्रशस्ति सम्मान प्रदान किया गया।
जनसंपर्क एवं आउटरीच (Public Communication & Outreach) श्रेणी में आयुष मंत्रालय ने स्वर्ण, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने रजत तथा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने कांस्य पुरस्कार प्राप्त किया। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग को प्रशस्ति सम्मान से नवाजा गया।
“एम्पावरिंग इंडिया” श्रेणी में ऊर्जा मंत्रालय को स्वर्ण
“एम्पावरिंग इंडिया” श्रेणी में ऊर्जा मंत्रालय ने स्वर्ण पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय) को रजत पुरस्कार मिला।
आयकर विभाग तथा GST एवं कस्टम्स (DGTS, CBIC) को संयुक्त रूप से कांस्य पुरस्कार प्रदान किया गया। नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NSIC) को प्रशस्ति सम्मान दिया गया।
विदेशी प्रतिभागियों में तुर्किये रहा सर्वश्रेष्ठ
विदेशी प्रतिभागी श्रेणी में तुर्किये (Türkiye) ने स्वर्ण पुरस्कार हासिल किया। ट्यूनीशिया दूतावास को रजत तथा इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के दूतावास को कांस्य पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त घाना उच्चायोग और अफगानिस्तान दूतावास को प्रशस्ति सम्मान देकर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को सराहा गया।
फूड स्टॉल में राजस्थान और निजी क्षेत्र में लकी माइक्रो फाइन एप्लायंसेज चमके
फूड स्टॉल श्रेणी में राजस्थान ने स्वर्ण पुरस्कार जीता। झारखंड को रजत, पंजाब को कांस्य तथा उत्तर प्रदेश को प्रशस्ति सम्मान प्राप्त हुआ।
वेंडिंग पॉइंट श्रेणी में एम/एस पिनेकल सर्विसेज को स्वर्ण पुरस्कार दिया गया।
निजी क्षेत्र श्रेणी में लकी माइक्रो फाइन एप्लायंसेज प्राइवेट लिमिटेड को स्वर्ण, श्री गिरराज सुपारी ट्रेडर्स LLP को रजत तथा हाउस ऑफ फ्रेगरेंस प्राइवेट लिमिटेड को कांस्य पुरस्कार मिला। श्री श्याम तिलपट्टी उद्योग को प्रशस्ति सम्मान प्रदान किया गया।
टिकट बिक्री 7.5 करोड़ रुपये के पार, बढ़ी जनता की भागीदारी
समारोह को संबोधित करते हुए ITPO अध्यक्ष श्री जावेद अशरफ ने बताया कि 25 नवंबर तक IITF 2026 की टिकट बिक्री लगभग 7.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा लगभग 5.5 करोड़ रुपये था। उन्होंने इसे जनता की बढ़ती रुचि और मेले की लोकप्रियता का प्रमाण बताया।
“हॉल ऑफ इंस्पिरेशन” और सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण का केंद्र
श्री अशरफ ने बताया कि इस वर्ष शुरू किया गया “हॉल ऑफ इंस्पिरेशन“ मेले का प्रमुख आकर्षण रहा, जहां 500 से अधिक स्टार्टअप्स ने वास्तविक समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए। इस पहल को आगंतुकों से अभूतपूर्व समर्थन मिला।
उन्होंने मेले के दौरान आयोजित 80 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी सराहना की, जिन्होंने भारत की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया।
आधुनिक फूड कोर्ट और डिजिटल सुविधाओं का हुआ विस्तार
ITPO अध्यक्ष ने फूड कोर्ट में स्वच्छता, बेहतर कचरा प्रबंधन और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित सुविधाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि भारत मंडपम में लगभग 600 वर्ग मीटर LED वॉल स्थापित की गई हैं तथा भविष्य में 100 से अधिक LED स्क्रीन लगाने की योजना है, जिससे परिसर की डिजिटल और विजुअल क्षमताएं और मजबूत होंगी।
मीडिया, सरकारी एजेंसियों और जनता का जताया आभार
श्री जावेद अशरफ ने IITF 2026 को मिले व्यापक एवं सकारात्मक मीडिया कवरेज के लिए मीडिया संस्थानों का धन्यवाद किया। उन्होंने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC), दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस की भी सराहना की, जिन्होंने यातायात, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने दिल्लीवासियों, देशभर से आए आगंतुकों तथा आम जनता का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके उत्साह और सहयोग ने मेले को अभूतपूर्व सफलता दिलाई। साथ ही उन्होंने भारत सरकार के निरंतर सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।
व्यापार, नवाचार और सांस्कृतिक समागम का सशक्त मंच
45वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले का यह पुरस्कार समारोह देश-विदेश के प्रतिभागियों की उपलब्धियों का उत्सव रहा। यह आयोजन एक बार फिर साबित करता है कि IITF केवल एक व्यापार मेला नहीं, बल्कि नवाचार, निवेश, सांस्कृतिक आदान–प्रदान और वैश्विक व्यापारिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला भारत का प्रमुख मंच है।









