Hot News

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर केवीआईसी ने ‘सेवा संकल्प, खादी महोत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ किया

  • केवीआईसी अध्यक्ष श्री मनोज गोयल और दिल्ली के पूर्व मेयर श्री जयप्रकाश ने किया शुभारंभ; 17 अक्टूबर तक देशभर में मनाया जाएगा ‘सेवा संकल्प, खादी महोत्सव-2026’.
  • प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर केवीआईसी अध्यक्ष ने 3,366 पीएमईजीपी लाभार्थियों के बैंक खातों में 289 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी सब्सिडी का संवितरण किया।
  • कार्यक्रम के दौरान E-Commerce Portal, PMEGP Online EDP Portal, Mobile App, हिन्दी वैभव पोर्टल और KVIC Digital 0 का शुभारंभ किया गया।
  • कारीगरों ने #AshirwadKaDiya के साथ केक काटकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की यात्रा के प्रतीक स्वरूप ‘संकल्प से सिद्धि’ के 25 दीप प्रज्वलित किए।।
  • अध्यक्ष, केवीआईसी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा और सुशासन के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाएगा ‘सेवा संकल्प, खादी महोत्सव-2026’

खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजघाट स्थित गांधी दर्शन के केवीआईसी परिसर से ‘सेवा संकल्प, खादी महोत्सव 2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। यह महोत्सव 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केवीआईसी के अध्यक्ष श्री मनोज गोयल ने किया। इस अवसर पर दिल्ली के पूर्व मेयर श्री जयप्रकाश खादी संस्थाओं के प्रतिनिधि, कारीगर, पीएमईजीपी लाभार्थी, प्रशिक्षु, केवीआईसी के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा देशभर से ऑनलाइन जुड़े कारीगर और अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे। इस दौरान कारीगरों ने #AshirwadKaDiya के साथ केक काटकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की यात्रा के प्रतीक स्वरूप ‘संकल्प से सिद्धि’ के 25 दीप प्रज्वलित किए।

श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी महत्वपूर्ण भाव रहे हैं। इसी भावना से प्रेरित होकर केवीआईसी द्वारा ‘सेवा संकल्प, खादी महोत्सव-2026’ के माध्यम से खादी, स्वदेशी, रोजगार और आत्मनिर्भरता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, रोजगार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वदेशी का प्रतीक है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ जैसे अभियानों ने स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण उद्यमिता को नई पहचान दी है।

कार्यक्रम के दौरान दिल्ली और पूर्वोत्तर राज्यों के कारीगरों को मशीनरी एवं टूलकिट वितरित किए गए। श्री गोयल ने कहा कि ये केवल उपकरण नहीं, बल्कि कारीगरों के लिए रोजगार, आत्मनिर्भरता और सम्मान के नए अवसर हैं। कार्यक्रम में PMEGP के अंतर्गत 289 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी सब्सिडी भी संवितरण की गई। इससे देशभर में 3,366 नई परियोजनाएं स्थापित होंगी और लगभग 37,026 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इन परियोजनाओं के लिए बैंकों द्वारा लगभग 873 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। कार्यक्रम में पीएमईजीपी की 5000 नई इकाइयों का ऑनलाइन माध्यम से शुभारंभ किया गया। श्री गोयल ने कहा कि PMEGP का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण उद्यमियों को रोजगार मांगने वाले से रोजगार देने वाला बनाना है।

कार्यक्रम में KVIC की डिजिटल सेवाओं को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से E-Commerce Portal, PMEGP Online EDP Portal, PMEGP Online EDP Mobile App, हिन्दी वैभव पोर्टल और KVIC Digital 2.0 का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही, देशभर में ऑनलाइन माध्यम से 760 व्यक्तिगत एवं ग्रुप वर्कशेड तथा नवीनीकृत भंडारों का शुभारंभ और खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन, चरखा कताई का सजीव प्रदर्शन और ‘स्वदेशी संकल्प’ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। विभिन्न कौशल विकास पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। वहीं, गांधी दर्शन स्थित केवीआईसी कार्यालय परिसर में स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा अध्यक्ष, केवीआईसी श्री मनोज गोयल ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिसर का संदेश दिया।

‘सेवा संकल्प, खादी महोत्सव 2026’ के अंतर्गत 17 अक्टूबर तक देशभर में स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, खादी यात्रा, स्वदेशी संकल्प शपथ, जागरूकता कार्यक्रम, कारीगर संवाद और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों, गांवों, गली-मोहल्लों और खादी संस्थाओं को इन गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। श्री गोयल ने कहा कि केवीआईसी का प्रयास है कि यह महोत्सव केवल एक विभागीय कार्यक्रम न रहकर जन-जन का अभियान और जनभागीदारी का उत्सव बने। उन्होंने कहा कि हर स्कूल में खादी की बात हो, हर गांव में ग्रामोद्योग की बात हो, हर बाजार में स्वदेशी की बात हो।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के साथ भी सेवा संकल्प, खादी महोत्सव को जोड़ा जाएगा। इस वर्ष स्वच्छता ही सेवा अभियान की थीम स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत है। श्री गोयल ने कहा कि “स्वच्छता भी सेवा है, स्वदेशी भी सेवा है, रोजगार देना भी सेवा है और कारीगर का सम्मान भी सेवा है। उन्होंने देशभर के कारीगरों, खादी संस्थाओं, PMEGP लाभार्थियों, युवाओं और KVIC परिवार से ‘सेवा संकल्प, खादी महोत्सव 2026’ में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

इस अवसर पर श्री मनोज गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में खादी ने एक नया आयाम प्राप्त किया है। आज खादी आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल, लोकल टू ग्लोबल तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने का सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि करोड़ों कारीगरों और बुनकरों की आजीविका, भारत की सांस्कृतिक विरासत और सतत विकास का प्रतीक है।

श्री गोयल ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और नीतियों के परिणामस्वरूप खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र ने भी अभूतपूर्व प्रगति की है। वित्त वर्ष 2025-26 में खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र का कारोबार 1.87 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा, जबकि इस क्षेत्र के माध्यम से 2.04 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार प्राप्त हो रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह क्षेत्र 2.51 लाख करोड़ रुपये के कारोबार के लक्ष्य को भी प्राप्त करेगा।

Scroll to Top