Hot News

दिल्ली को उभरते मीडिया एवं एवीजीसी हब के रूप में विकसित किया जायेगा : श्री कपिल मिश्रा

  • पर्यटन मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने आईएफएफडी के इंडस्ट्री कॉन्क्लेव 2026 में दिल्ली एज इंडियाज क्रिएटिव कैपिटल : फिल्म टूरिज्म फॉर इकोनॉमिक ग्रोथ विषय पर दिल्ली सरकार का विजन रखा
  • दिल्ली के पास विशाल टैलेंट पूल, आईएफएफडी जैसे प्लेटफार्म से माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में विकसित दिल्ली का सपना करेंगे पूरा
  • दिल्ली फिल्म पॉलिसी के तहत, दिल्ली में शूटिंग पर अधिकतम तीन करोड़ रुपये की सब्सिडी देगी सरकार 
  • यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संकल्प आत्मनिर्भर भारत की दिशा में फिल्म पर्यटन एवं रोजगार को नया आयाम देंगे 
  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा आधुनिक स्टूडियो इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने पर विशेष जोर होगा

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार देश की राजधानी को मीडिया, एंटरटेनमेंट और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (एवीजीसी), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा आधुनिक स्टूडियो इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संकल्प आत्मनिर्भर भारत की दिशा में फिल्म पर्यटन एवं रोजगार को नया आयाम देंगे। यह बात माननीय पर्यटन मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने आईएफएफडी के इंडस्ट्री कॉन्क्लेव-2026 में “दिल्ली एज इंडियाज क्रिएटिव कैपिटल : फिल्म टूरिज्म फॉर इकोनॉमिक ग्रोथ” विषय पर भारत मंडपम में दिल्ली सरकार का विजन रखते हुए कही।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिल्ली में एक ऐसा इंटीग्रेटेड सेंटर विकसित करना है, जहाँ क्रिएटिविटी, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन एक ही छत के नीचे विकसित हो सकें। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पास विशाल टैलेंट पूल, तकनीकी समझ और युवा शक्ति मौजूद है, जिसे सही प्लेटफॉर्म प्रदान कर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। आईएफएफडी जैसे प्लेटफार्म से माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में विकसित दिल्ली का सपना पूरा करेंगे।

श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली को फिल्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए नई फिल्म पॉलिसी बन रही है। दिल्ली में शूटिंग पर अधिकतम तीन करोड़ रुपये की सब्सिडी भी सरकार देगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि दिल्ली भविष्य में मीडिया, कंटेंट क्रिएशन और नई तकनीकों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। दिल्ली सरकार की नीतियां और यहां की प्रतिभा मिलकर इस विज़न को साकार करेंगी। इसमें प्रसार भारती का भी महत्वपूर्ण योगदान होगा।

श्री कपिल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि दिल्ली का उद्देश्य मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री को प्रतिस्थापित करना नहीं है। मुंबई का अपना एक स्थापित स्थान है और वह बना रहेगा। हालांकि, फिल्म और मीडिया उद्योग तेजी से बदल रहा है और डिजिटल प्रोडक्शन, एनीमेशन, वीएफएक्स, एआई जैसे नए क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं, जिनमें दिल्ली एक सशक्त भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार एक ऐसा सक्षम प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है, जहां नए क्रिएटर्स, स्टार्टअप्स और नवाचार को अवसर मिलेगा। इससे दिल्ली एक आधुनिक, तकनीक-समर्थित मीडिया हब के रूप में उभरेगी।

उन्होंने सभी हितधारकों, क्रिएटर्स और उद्योग जगत से आह्वान किया कि वे इस नई पहल का हिस्सा बनें और एक नए युग एवं ‘एक नये दिल्ली’ के निर्माण में सहयोग करें।

सिने प्रेमियों और छात्रों के लिए अवसर : श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि शुक्रवार को सिने एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत अभिनेता मनोज बाजपेयी, फिल्मकार निखिल आडवाणी, अभिषेक चौबे, आरएस प्रसन्ना और सिद्धार्थ जैन ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह रचनात्मक संवाद, नवाचार और फिल्म उद्योग के बदलते स्वरूप को समझने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभर रहे हैं। इसके साथ ही अभिनेता बमन ईरानी और निर्देशक राकेश ओम प्रकाश मेहरा का भी मार्गदर्शन सिने प्रेमियों और छात्रों को मिला।

Scroll to Top