विकास और विरासत की झलक पेश कर रहीं गोड्डा की महिला कारीगरों की पारंपरिक कलाकृतियां, घरों में तैयार हो रहे साड़ी, सूट और दुपट्टे
नई दिल्ली : भारत मंडपम में आयोजित 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 के हॉल नंबर-1 स्थित झारखंड के पलाश पवेलियन में इस बार पारंपरिक हस्तनिर्मित साड़ियों की खूबसूरती लोगों को आकर्षित कर रही है। मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ को साकार करता पलाश पवेलियन झारखंड की समृद्ध पारंपरिक कला, बुनाई और महिला कारीगरों के हुनर को एक मंच प्रदान कर रहा है। यहां गोड्डा जिले की महिला कारीगरों द्वारा तैयार की गई मधुबनी सिल्क, घिचा और टसर की साड़ियां दर्शकों के बीच खास पसंद बन रही हैं।

पलाश पवेलियन के स्टॉल नंबर 19 पर एकता आजीविका महिला मंडल से जुड़ी अनीता देवी और उनके समूह की महिलाएं अपने हाथों से तैयार की गई मधुबनी सिल्क साड़ियां, सूट, दुपट्टे और हैंडप्रिंटेड वस्त्र प्रदर्शित कर रही हैं। घरों में तैयार की जाने वाली इन साड़ियों की कीमत 2,000 से 7,000 रुपये तक है। पारंपरिक डिजाइन, आकर्षक रंगों और बारीक हस्तकला से सजी इन साड़ियों को मेले में आने वाले लोग खूब पसंद कर रहे हैं। महिलाएं न केवल इन वस्त्रों को तैयार करती हैं, बल्कि इन पर हैंड प्रिंटिंग और कटवर्क का काम भी स्वयं करती हैं।
वहीं, स्टॉल नंबर 15 पर गोड्डा की ही त्रिजिला द्वारा तैयार की गई घिचा और टसर सिल्क की हस्तनिर्मित साड़ियां भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं। इन वस्त्रों की खासियत यह है कि इनकी निर्माण प्रक्रिया में पारंपरिक तरीके अपनाए जाते हैं। रेशम के कोकून से धागा निकालने से लेकर उसकी बुनाई और वस्त्र तैयार करने तक का काम कारीगरों के सामूहिक प्रयास से होता है। यह हुनर पीढ़ियों से परिवारों में आगे बढ़ता आ रहा है। साड़ियों के साथ यहां सिल्क सूट, दुपट्टे और अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद भी उपलब्ध हैं।
इन महिला कारीगरों के लिए पलाश पवेलियन केवल अपने उत्पादों की बिक्री का माध्यम नहीं, बल्कि अपने पारंपरिक हुनर को देशभर के लोगों तक पहुंचाने का अवसर भी है। सरकारी सहयोग और बाजार से जुड़ने के अवसरों ने ग्रामीण महिलाओं को अपने काम को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद की है।
इस तरह IITF 2026 में झारखंड का पलाश पवेलियन ‘विकास और विरासत’ की थीम को खूबसूरती से जोड़ रहा है। यहां एक ओर पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक बुनाई और हस्तकला की विरासत देखने को मिल रही है, वहीं दूसरी ओर इसी हुनर के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता और विकास की नई कहानी लिख रही हैं।









