सान्या ने उत्साहित भीड़, जिसमें बड़ी संख्या में जेन Z युवा शामिल थे, से कहा, “मुझे अपने अतीत पर इतना गर्व है कि मैं उसे कुछ नहीं कहना चाहूंगी। मुझे अपने 2016 के स्वरूप पर भी बहुत गर्व है। कोई चिंता नहीं, गलतियां करो। मैं खुद से कहूंगी कि तुम उन गलतियों से सीखते हुए बहुत आगे आ चुकी हो। अगर मैं खुद को कुछ और करने या न करने की सलाह दूंगी, तो मैं अपने ही अवसर छीन लूंगी।”
बॉलीवुड में अपने किरदारों के चयन में जोखिम लेने के लिए जानी जाने वाली सान्या ने कहा कि उन्हें किसी तरह का दबाव महसूस नहीं होता।
करीब एक दशक पहले बॉलीवुड में कदम रखने वाली सान्या ने कहा, “कभी ऐसा हो सकता है कि मैं कुछ करूं और वह लोगों को पसंद न आए। क्या इससे मैं जोखिम लेना बंद कर दूंगी? बिल्कुल नहीं। मुझे असफलता से और कुछ नया करने से डर नहीं लगता।”
‘दंगल’ के अलावा सान्या ‘बधाई हो’, ‘पगलैट’ और ‘कटहल’ जैसी फिल्मों में अपनी बहुमुखी भूमिकाओं के लिए जानी जाती हैं। उनकी प्रतिभा का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि वह एक प्रशिक्षित कंटेम्पररी और बैले डांसर भी हैं।
कार्यक्रम के दौरान बातचीत में सान्या ने दिलजीत दोसांझ के साथ काम करने के अनुभव को भी याद किया और इसे खास बताया।
उन्होंने कहा, “मुझे दिलजीत दोसांझ का संगीत बहुत पसंद है और मैं उनके गानों पर डांस करना भी पसंद करती हूं। उनका हर नया गाना आने पर मैं उस पर रील बनाती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि उनके साथ काम करने का मौका मिलेगा। यह अनुभव मुझे बेहद पसंद आया।”
गौरतलब है कि सान्या मल्होत्रा और दिलजीत दोसांझ ने पिछले साल अक्टूबर में रिलीज हुए म्यूजिक वीडियो ‘चार्मर’ (Charmer) में साथ काम किया था, जो पंजाबी अभिनेता-गायक के एल्बम ‘ऑरा’ (Aura) का हिस्सा था।









