Hot News

पोल्ट्री इंडिया एक्सपो 2026 रोजगार और कौशल का बनेगा बड़ा मंच: उदय सिंह बयास

दिल्ली में आईपीईएमए की प्रेस कॉन्फ्रेंस, 24 नवंबर से हैदराबाद में होगा 18वां पोल्ट्री इंडिया एक्सपो

नई दिल्ली : भारतीय पोल्ट्री उपकरण निर्माता संघ (आईपीईएमए) ने गुरुवार को द पार्क होटल, नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोल्ट्री इंडिया कर्टेन रेज़र 2026 और देश की पहली व सबसे बड़ी पोल्ट्री रोजगार प्रदर्शनी की घोषणा की। इस अवसर पर आईपीईएमए अध्यक्ष उदय सिंह बयास ने मीडिया को संबोधित करते हुए पोल्ट्री उद्योग में रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता की बढ़ती संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

उदय सिंह बयास ने कहा, “पोल्ट्री इंडिया एक्सपो 2026 सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता का बड़ा मंच है। भारत का पोल्ट्री क्षेत्र चिकन मीट में 8–10 प्रतिशत और अंडे में 6–8 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। यह क्षेत्र ग्रामीण युवाओं, किसानों, पशु चिकित्सकों, शोधकर्ताओं, छात्रों और एग्री-टेक उद्यमियों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकता है।”

उन्होंने बताया कि 18वां पोल्ट्री इंडिया एक्सपो 2026 आगामी 24 से 27 नवंबर तक हैदराबाद में आयोजित होगा। 24 नवंबर को एचआईसीसी/नोवोटेल, हाईटेक सिटी में नॉलेज डे सेमिनार होगा, जबकि 25 से 27 नवंबर तक एचिटेक्स एग्जिबिशन सेंटर में मुख्य प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। आयोजकों के अनुसार, एक्सपो में 120 से अधिक देशों के 550 से ज्यादा प्रदर्शकों और 51,000 से अधिक उद्योग विशेषज्ञों के शामिल होने की उम्मीद है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि एक्सपो में ब्रीडिंग एवं जेनेटिक्स, हैचरी एवं फार्म ऑटोमेशन, फीड मिलिंग, एडवांस्ड न्यूट्रिशन, ईसी हाउसिंग एवं वेंटिलेशन, वेटरनरी डायग्नोस्टिक्स, बायोसिक्योरिटी, अंडा प्रोसेसिंग, मैन्योर मैनेजमेंट और ग्रीन पोल्ट्री सॉल्यूशंस जैसी आधुनिक तकनीकों पर विशेष फोकस रहेगा।

आईपीईएमए के अनुसार, एक्सपो फार्म मैनेजमेंट, फीड मिलिंग, उपकरण निर्माण, लॉजिस्टिक्स, कोल्ड चेन, फूड प्रोसेसिंग, सेल्स एवं मार्केटिंग, रिसर्च तथा एग्री-टेक स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में रोजगार, कारोबार और नेटवर्किंग के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।

आयोजकों के मुताबिक, इस आयोजन को 20 से अधिक विदेशी पोल्ट्री संगठनों, 40 से अधिक राष्ट्रीय पोल्ट्री निकायों और अंतरराष्ट्रीय पोल्ट्री मीडिया का समर्थन प्राप्त है। “वन नेशन, वन एक्सपो” थीम के तहत आयोजित यह एक्सपो किसानों, युवाओं, उद्यमियों, पशु चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और उद्योग विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने के साथ विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में योगदान देने पर केंद्रित होगा।

Scroll to Top