~प्रदीप कुमार
दिल्ली, 16 नवंबर 2026: भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF 2026) के दौरान बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने आज बिहार मंडप का उद्घाटन और दौरा किया। इस दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने मंडप में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और उद्यमियों तथा स्टॉल मालिकों से बातचीत कर उनके उत्पादों व अनुभवों की जानकारी ली।
बिहार मंडप भारत मंडपम के हॉल नंबर 2 में 14 से 27 नवंबर तक चल रहे व्यापार मेले में ‘विकास और विरासत’ की थीम पर सजाया गया है।
55 से अधिक स्टॉलों का निरीक्षण
स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बिहार मंडप में 55 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। अधिकारियों ने इन स्टॉलों पर जाकर राज्य के हस्तशिल्प, स्थानीय औद्योगिक उत्पादों और पारंपरिक कलाकृतियों का अवलोकन किया।
विशेष आकर्षण और उत्पाद
बिहार मंडप में इस बार मधुबनी पेंटिंग, पहली बार शामिल की गई बजिका पेंटिंग, खादी, हथकरघा उत्पाद और बिहार के प्रसिद्ध मखाना को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही महिला उद्यमियों और लघु व्यवसायों को विशेष मंच दिया गया है।
उद्देश्य और निवेश प्रोत्साहन
सचिव कुंदन कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य निवेशकों को बिहार की औद्योगिक क्षमताओं से परिचित कराना और राज्य में विनिर्माण इकाइयां लगाने के लिए प्रोत्साहित करना है। मनोज कुमार सिंह ने कहा कि स्टॉल मालिकों से संवाद और इस मंच के माध्यम से बिहार के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने और उनका ग्राहक आधार बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।









