Hot News

बिहार पवेलियन में दिखी विरासत और विकास की झलक, उद्योग सचिव कुंदन कुमार ने किया उद्घाटन

  • 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में बिहार के 61 स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
  • बिहार म्यूजियम की कलाकृतियों और बजका आर्ट के लाइव प्रदर्शन ने खींचा लोगों का ध्यान

नई दिल्ली : बिहार की गौरवशाली विरासत अब आधुनिक विकास की कहानी के साथ देश-दुनिया के सामने है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में पार्टनर स्टेट बिहार ने अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक उपलब्धियों को एक ही मंच पर सजाया है। रविवार को बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव श्री कुंदन कुमार (IAS) ने बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और कारीगरों के हुनर की सराहना की। इस मौके पर बिहार भवन दिल्ली के स्थानिक आयुक्त श्री मनोज कुमार सिंह (IAS), बिहार भवन CAO श्री कुमार दिग्विजय और सहायक स्थानिक आयुक्त श्री शम्स अफरोज़ भी मौजूद रहे।

भारत मंडपम के हॉल नंबर-2 में बना बिहार पवेलियन इस बार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ (Development and Heritage) के अनुरूप तैयार किया गया है। पवेलियन का मुख्य प्रवेश द्वार बिहार की ऐतिहासिक पहचान के प्रतीक सभ्यता द्वार की तर्ज पर बनाया गया है। इसके जरिए राज्य की प्राचीन सभ्यता, समृद्ध परंपराओं और विकास की यात्रा को दर्शाया गया है। अंदर प्रवेश करते ही बिहार की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और आधुनिक औद्योगिक संभावनाओं की झलक देखने को मिलती है।

बिहार म्यूजियम की झलक, पुरानी कलाकृतियों की प्रतिकृतियां का आकर्षण

इस बार बिहार पवेलियन में बिहार म्यूजियम को भी खास अंदाज में प्रदर्शित किया गया है। यहां म्यूजियम में संरक्षित ऐतिहासिक कलाकृतियों की प्रतिकृतियां रखी गई हैं, जो आगंतुकों को बिहार के गौरवशाली अतीत और कला-संस्कृति से परिचित करा रही हैं। इन प्रतिकृतियों के माध्यम से लोग बिहार की ऐतिहासिक धरोहर को करीब से देखने का अवसर पा रहे हैं। इससे पवेलियन में आने वाले लोगों को राज्य के पर्यटन और सांस्कृतिक वैभव की एक अलग झलक मिल रही है।

बजका आर्ट का लाइव प्रदर्शन, कलाकार खुद दे रही हैं जानकारी

पवेलियन में बिहार की बजका आर्ट का स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां कलाकार कंचन प्रकाश खुद इस पारंपरिक कला को बनाकर दिखा रही हैं। वह आगंतुकों को बजका आर्ट की बारीकियों, इसकी विशेषताओं और इससे जुड़ी कला परंपरा के बारे में भी जानकारी दे रही हैं। लाइव आर्ट प्रदर्शन के कारण लोग इस स्टॉल पर रुककर कला को करीब से देख रहे हैं और कलाकार से इसके बारे में सवाल भी पूछ रहे हैं। आगंतुकों की ओर से इस पहल को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। इससे बिहार की स्थानीय कलाओं और कलाकारों को नई पहचान दिलाने का अवसर भी मिल रहा है।

61 स्टॉलों पर दिख रहा बिहार का हुनर और कारोबार

बिहार पवेलियन में बिक्री सह प्रदर्शनी के लिए कुल 61 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें राज्य के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, कला एवं शिल्पकला के साथ उद्योग और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को जगह दी गई है। यहां आने वाले लोग बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों को करीब से देख और खरीद सकते हैं। वहीं, उद्योग जगत से जुड़े लोगों और निवेशकों के लिए राज्य में उपलब्ध कारोबारी संभावनाओं को समझने का अवसर भी है।

उद्घाटन के मौके पर उद्योग विभाग सचिव श्री कुंदन कुमार (IAS) ने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर बिहार को अपनी विरासत और विकास यात्रा देश-दुनिया के सामने रखने का महत्वपूर्ण मंच दे रहा है। बिहार का औद्योगिक इकोसिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ऐसी नीतियों और सुविधाओं पर काम कर रही है, जिनसे निवेशकों और उद्यमियों को बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और उद्यमियों से बिहार पवेलियन आने और राज्य में उपलब्ध संभावनाओं को समझने की अपील की।

बिहार भवन दिल्ली के स्थानिक आयुक्त श्री मनोज कुमार सिंह (IAS) ने कहा कि ऐसे आयोजन बिहार की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक संभावनाओं को व्यापक मंच प्रदान करते हैं। राज्य की ऐतिहासिक धरोहर, पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पाद और औद्योगिक विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। बिहार पवेलियन के जरिए इन सभी पहलुओं को एक साथ प्रस्तुत किया गया है। इससे स्थानीय कलाकारों और उद्यमियों को नए दर्शक और बाजार मिलेंगे, वहीं निवेशकों को भी बिहार में उपलब्ध अवसरों की जानकारी मिलेगी।

बता दें कि बिहार पवेलियन इस बार 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में राज्य की विरासत, हुनर और बदलते विकास की तस्वीर पेश कर रहा है। यहां आने वाले देश-विदेश के आगंतुकों को बिहार की परंपराओं के साथ उसके भविष्य की संभावनाओं को भी करीब से जानने का मौका मिल रहा है।

Scroll to Top